जयमाल के लिए तलाश करने पर मचा हड़कंप

निराश होकर बैरंग बारात लेकर घर लौटा दूल्हा

GORAKHPUR: चौरीचौरा एरिया के एक गांव में शादी के चंद घंटे पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार हो गई। वरमाला पहनाने के लिए दुल्हन को बुलाया गया तो मामला सामने आया। दुल्हन की हरकत से बारात में लोग परेशान हो गए। रिश्तेदारों संग मिलकर घरातियों ने उसकी तलाश की। घंटों कोई बात न बनने पर बारात लेकर दूल्हा खाली हाथ घर लौट गया। रविवार रात हुई घटना कुछ ही घंटों में पूरे इलाके में फैल गई।

नाचते-गाते पहुंची बारात

चौरीचौरा के एक युवती की शादी कुशीनगर जिले में तय हुई थी। देर शाम बारात लेकर दूल्हा पहुंचा। धूमधाम से शादी की तैयारियां शुरू हो गई। दरवाजे पर बारात आई तो पारंपरिक ढंग से आगवानी की रस्म पूरी गई। जलपान के बाद बाराती और घराती जयमाल देखने के लिए स्टेज के सामने बैठ गए। दूल्हे को बुलाकर कुर्सी पर बैठा दिया गया। थोड़ी देर बाद दुल्हन के दीदार को लेकर लोग बेकरार होने लगे। तब घर के भीतर से दुल्हन को बुलाया गया।

मंच पर होता रह गया इंतजार

दुल्हन के मंच पर आने में विलंब होने पर चर्चा शुरू हो गई। कुछ देर बाद घरातियों ने बारात वालों को बताया कि दुल्हन घर में नहीं है। यह जानकारी सामने आने पर दूल्हा पक्ष के लोग परेशान हो गए। घरवालों संग मिलकर बाराती दुल्हन की तलाश में जुट गए। बाद में पता लगा कि अपने प्रेमी संग दुल्हन भाग गई है। आधी रात तक मशक्कत कर दूल्हा बैरंग बारात लेकर गांव लौट गया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।