-क्रिसमस मेला लगने से पहले हुआ कैंसिल, आयोजक का हुआ नुकसान

-नगर निगम और प्रशासन ने किया इंकार, कोई नहीं ले रहा जिम्मेदारी

ALLAHABAD: सिविल लाइंस पत्थर गिरिजा घर के समीप जीजीआईसी मैदान पर क्रिसमस मेला लगने से पहले उजड़ गया। बताया जाता है कि यह कार्रवाई परमिशन नहीं होने पर की गई है। लेकिन कार्रवाई किसके आदेश पर की गई यह बड़ा सवाल बन गया है। आयोजक का कहना है कि कार्रवाई नगर निगम की ओर से हुई है। लेकिन अधिकारियों ने इससे इंकार कर दिया है। प्रशासन ने भी ऐसी किसी कार्रवाई का आदेश देने से साफ इंकार किया है।

दोपहर में हटा दी गई दुकानें

जीजीआईसी मैदान पर लगने वाले क्रिसमस मेले को रविवार दोपहर सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने हटा दिया। कहा गया कि आपके पास मेला लगाने की वैध परमिशन नहीं है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नगर निगम अधिकारियों के कहने पर की गई है। उधर, निगम अधिकारियों ने पल्ला झाड़ते हुए जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। आश्चर्य यह कि प्रशासन को कार्रवाई की भनक तक नहीं है। ऐसे में पुलिस ने किसके कहने पर इतना बड़ा मेला लगने से मना कर दिया। यह अपने आप में बड़ा सवाल है।

विधायक को करना था उदघाटन

बता दें कि क्रिसमस पर लगने वाले इस मेले में भाजपा शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेई को उद्घाटन करना था। चर्चा भी इस बात की थी। आयोजकों का कहना है कि 15 से 20 दुकानें लगनी थीं। लेकिन मेला कैंसिल हो जाने से दो से ढाई लाख रुपए का नुकसान हो गया है। साथ ही कई लोगों का रोजगार भी गया। आयोजक का कहना है कि बिशप से मेले की परमिशन ली गई थी। नगर निगम या प्रशासन से परमिशन लेने की कोई बात सामने नहीं आई थी।

रात को उजाड़ था मेला

रविवार देर रात जब दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट जीजीआईसी कैंपस पहुंची तो वहां वीरानी नजर आई। जो कुछ इक्के-दुक्के लोग मौजूद थे वह बहुत निराश नजर आए। कुछ लोगों ने नाम न छापने पर बताया कि समझ में नहीं आ रहा है कि अब इस ठंड में कहां जाएं।

वर्जन

मैंने मेला आयोजन को रोकने का कोई आदेश नहीं दिया है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से की गई है। उनसे बात कर लीजिए।

-रितु सुहास, अपर नगर आयुक्त

आप बता रहे हैं लेकिन मुझे इस कार्रवाई का कोई संज्ञान नहीं है। मैंने क्रिसमस मेले पर कार्रवाई का कोई आदेश नही दिया है।

-एडीएम सिटी

हमें नगर निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर मेला के आयोजन को रोक दिया।

-बच्चन सिंह सिरोही, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस

काफी नुकसान हो गया। पुलिस का कहना था कि नगर निगम की जमीन है इसलिए उनकी परमिशन होनी चाहिए। जबकि हमने बिशप से मेले की परमिशन ले ली थी। नगर निगम के बारे में पता नहीं था।

-अमान उल्ला, आयोजक