-सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया में कार अनियंत्रित होने के बाद हुआ हादसा

- पानी में गिरते ही उल्टी हो गई कार, डूबने से हुई युवक और युवतियों की मौत

- सिपाही और क्षेत्रीय लोगों ने शीशे तोड़कर कार से निकाले सभी

आगरा: सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया रोड पर बुधवार शाम को रफ्तार में चल रही कार अनियंत्रित होकर बीस फुट गहरे नाले में गिर पड़ी। इसमें दो युवक और युवती सवार थे। सभी पानी और सिल्ट में उल्टी गिरी कार में फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने शीशे तोड़कर कार से सभी को निकाला, तब तक उनकी मौत हो गई। मरने वालों में एक सिविल डिफेंस का वार्डन था।

फैक्ट्री एरिया रोड पर सड़क किनारे बीस फीट गहरा और छह फुट चौड़ा खुला नाला है। बुधवार शाम 4.15 शास्त्रीपुरम की ओर से फैक्ट्री एरिया की ओर तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर फैक्ट्री न। डी 29 के सामने नाले में गिर पड़ी। नाले में गिरते समय कार उल्टी हो गई। पानी में डूब गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाले में गिरने के बाद कार के पहिये भी दिखाई नहीं दे रहे थे। भारी संख्या में फैक्ट्री के श्रमिक वहां पहुंच गए। पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी। तब तक कुछ लोग रस्सी के सहारे पानी में कूद गए।

बीस मिनट बाद फैक्ट्री एरिया चौकी पर तैनात सिपाही उम्मेद अली वहां पहुंचे। उन्होंने वर्दी को उतारकर नाले के गंदे के पानी में कूद पड़े। कार के शीशे तोड़कर उसमें फंसे युवक और युवतियों को एक-एक कर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने सभी को पुलिस जीप से हाईवे पर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। जेब से मिले आधार कार्ड और पहचान पत्रों से सभी की शिनाख्त हुई।

इनमें जगदीशपुरा के बोदला में सेक्टर एक निवासी 23 वर्षीय गौरव वर्मा पुत्र पप्पू वर्मा, बोदला के त्रिवेणी कुंज निवासी प्रमोद मिश्रा पुत्र योगेंद्र मिश्रा, बोदला निवासी 22 वर्षीय ज्योति उपाध्याय पुत्री विजय उपाध्याय और महर्षि पुरम निवासी 23 वर्षीय साक्षी कुशवाह पुत्री मूलचंद कुशवाह हैं।

गौरव के पिता की घर के नीचे ही आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकान है। वह उनके साथ ही दुकान पर बैठता था। जबकि प्रमोद अपने पिता के साथ बोदला स्थित इलेक्ट्रिकल्स की दुकान में बैठता था। घटना की जानकारी होते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। प्रमोद सिविल डिफेंस में लोहामंडी वार्ड में वार्डन था और गौरव बनना चाह रहा था। इसीलिए दोनों मीटिंग में जाने की कहकर सुबह 11 बजे घर से निकले थे।

पड़ोसी की थी कार

प्रमोद के पिता योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि कार उनके पड़ोसी अजय वर्मा की है। उन्हें कार ले जाने के बारे में भी पता नहीं था। सुबह 11 बजे से कार लेकर कहां गए थे? इसकी परिजनों को कोई जानकारी नहीं है।