मृतक के उत्तराधिकारी बनकर ले रहे थे पेंशन

थाना हरीपर्वत में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में नगर निगम के एक पूर्व अधिकारी व सफाई कर्मी ने पर फर्जी दस्तावेज व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है साथ में नेता की पत्‍‌नी को भी नामजद किया गया है। इसके अलावा पेंशन लिपिक व अन्य कर्मचारीगण के अलावा बैंक कर्मचारियों को भी नामजद कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पत्नी भी आरोपी बनाई

पीर कल्याणी निवासी राकेश कुमार पुत्र सुखराम चौहान ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले के मुताबिक सदर भट्टी मवेशी खाना निवासी मुन्नी लाल 31 अक्टूबर 2002 को सेवा निवृत्त हुए थे। इसके बाद वह रोशन मोहल्ला खेरागढ़ में रहने लगे। 21 जून 2011 को उनकी वहीं पर मृत्यु हो गई। लेकिन इसके बाद पता चला कि उनकी पेंशन कर्मचारी नेता व उनकी पत्‍‌नी को मिल रही है।

आरटीआई से निकाली जानकारी

वादी ने मामले में आरटीआई से जानकारी जुटाई तो पता चला कि सफाई कर्मी नेता व उसकी पत्‍‌नी ने निगम के अन्य कर्मचारियों व पूर्व अधिकारी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज लगा कर खुद को भाई-बहन दर्शाते हुए पेंशन प्राप्त करने के लिए दावा प्रस्तुत किया। बिना जांच किए मामले में घालमेल कर दिया गया। सफाई कर्मी नेता ने पत्‍‌नी का जाली जन्म प्रमाणपत्र बनवा लिया जिसमें उसे मृतक की पत्‍‌नी दर्शाया जबकि पति को भाई दिखाया।

अधिकारी ने भी लगा दी मोहर

एक पूर्व अधिकारी ने दस्तावेजों को प्रमाणित भी कर दिया। जीवनीमंडी एसबीआई में फर्जी दस्तावेजों से अकाउंट भी खुलवा दिया जिसमें धनराशि जमा करा कर हड़प ली। आरोप है कि दोनों की दो संताने हैं फिर भी गलत उद्देश्य से दोनों भाई-बहन बन गए। वादी ने पत्‍‌नी पर संगीन आरोप लगाए हैं। इसके अलावा एक अन्य महिला के खाते में भी लाखों रुपये जमा करा ली। महिला ने इस मामले में शाखा प्रबंधक से शिकायत की।

कई लोगों का हड़पा है रुपया

आरोप है कि इसी तरह सफाई कर्मी नेता ने नगर निगम के बाबुओ व अधिकारियों से साठगांठ कर कई गरीब व अशिक्षित लोगों की पेंशन व उपादान की मिलने वाली धनराशि फर्जी अकाउंट खुलवा कर हड़प ली है। वादी ने सफाई कर्मी नेता व उसकी पत्‍‌नी, पूर्व अधिकारी, पेंशन लिपिक व कर्मचारीगण के अलावा अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।