- प्रोपर जांच के बाद ही होगी गांधी मैदान के अंदर इंट्री

- काफी संख्या में लगाए गए पुलिस फोर्स

PATNA CITY : एक महीने तक रोजा रखने के बाद ईद का इंतजार खत्म हो गया। रविवार की शाम चांद का दीदार होते ही लोग खुशी से झूम उठे और हाथ उठा कर अल्लाह से दुआएं की। राजधानी पटना में चांद का दीदार होते ईद की खुशियां परवान चढ़ गई। लोगों ने एक दूसरे को ईद मुबारक कहा।

मुकम्मल हुआ ख्9वां रोजा

रमजान का ख्9वां रोजा मुकम्मल होते ही ईद मुबारक कहने का सिलसिला शुरू हो गया। ईद की तैयारियों में रह गई कमियों को पूरा करने के लिए लोग बाजार की ओर निकल पड़े। देर रात तक रौशन हुए बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं महिलाओं ने अपने हाथों में मेहंदी लगवाई। सोमवार को ईद की नमाज अदा करने के लिए शहर की जामा मस्जिदें और ईदगाह को पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है।

देर रात तक उमड़ी रही भीड़

ईद को लेकर बाजार में देर रात तक भीड़ उमड़ी रही। कपड़े, घर की सजावट के सामान, मेहमान नवाजी के लिए खाने पीने के सामान की जमकर खरीदारी हुई। राजधानी पटना के सब्जीबाग, पटना मार्केट, हथुआ मार्केट, फ्रेजर रोड, एक्जीविशन रोड, राजा बाजार, फुलवारीशरीफ, रमना रोड, हारून नगर, आलमगंज, सुलतानगंज, पत्थर की मस्जिद, पटना सिटी क्षेत्र में देर तक दुकानें खुली रहीं।

कड़ी सुरक्षा के बीच होगी ईद की नमाज

सोमवार को गांधी मैदान ईदगाह होगा। यहां ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। सुबह म् बजे से ही गांधी मैदान में नमाज अदा करने वालों की इंट्री शुरू हो जाएगी। नमाज अदा करने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में पटना पुलिस की ओर से सुरक्षा इंतजामों का खास ख्याल रखा जा रहा है। पटना पुलिस के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि गांधी मैदान के अंदर जाने वाले हर एक शख्स को पुलिस की प्रोपर चेकिंग के बाद ही इंट्री दी जाएगी।

लगातार पेट्रोलिंग करेगी पुलिस की टीम

इंट्री के लिए गांधी मैदान के हर गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इससे होकर आम और खास सभी को गुजरना होगा। गांधी मैदान के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानों की पुलिस टीम के साथ ही पुलिस लाईन से एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स को लगाया गया है। साथ ही नमाज के दौरान गांधी मैदान थाने की पुलिस टीम को पूरे इलाके में लगातार पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखने का आदेश प्रभारी एसएसपी सह सिटी एसपी सेंट्रल चंदन कुशवाहा की ओर से दिया गया है। दूसरी ओर जिला प्रशासन की ओर से कई मजिस्ट्रेट को भी स्पेशल ड्यूटी में लगाया गया है।