उल्लास के साथ मना भाई दूज का पर्व, यमुना स्नान को उमड़ी भीड़

allahabad@inext.co.in

ALLAHABAD: कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया मंगलवार को भाई-बहनों को समर्पित पर्व भाई दूज उल्लास के साथ मना। बहनों ने भाईयों की आरती उतारकर उनके दीर्घायु की कामना की तो भाईयों ने भी रक्षा के वादे के साथ बहनों को उपहार भेंट किए।

तिलक लगाया, की आरती

पांच दिवसीय प्रकाश पर्व के अंतिम दिन शहर में उल्लास छाया रहा। भाईयों की आरती उतारने से पहले बहनें नदी घाटों पर पहुंची। बलुआघाट बारादरी पर तो भोर से ही यमुना स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। परिजनों संग स्नान करने पहुंची अधिकांश बहनों ने घाट पर ही तिलक लगाकर भाईयों की आरती उतारी। घरों में रोली, अक्षत व मिठाईयों के साथ भाईयों का स्वागत किया गया। नए-नए वस्त्र धारण कर बहनों ने भाईयों को तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके दीर्घायु की कामना की। भाईयों ने भी उपहार स्वरुप बहनों को यथा संभव गिफ्ट भेंट किया। भाई दूज पर्व की खुशियां मिठाई की दुकानों पर भी दिखी। शहर के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही।