- बनारसियों ने जमकर खेली होली, पूरे दिन शहर में बिखरी रही रंगीनियां

- रंगों के त्योहार को विदेशियों ने भी किया सेलिब्रेट

VARANASI

रंगों के त्योहार होली की रंगत शुक्रवार को पूरे शहर में बिखरी नजर आयी। बच्चा हो या बुजुर्ग, महिला हो या पुरुष सभी मस्ती के रंग में रंगे नजर आये। घर की छतें रंगीन थीं तो सड़कों ने रंगीनियत की चादर ओढ़ कर पर्व की खुशियों का इजहार किया। गुरुवार की रात होलिका दहन के बाद रंगों की बरसात का दौर जो शुरु हुआ वह दूसरे दिन दोपहर बाद तक चलता रहा। दिन में पानी वाली होली तो शाम को अबीर गुलाल की रंगत फिजां में छायी रही। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर एक दूसरे हो पर्व की बधाई दी। बाबा भोलेनाथ के प्रसाद के रूप में ठंडाई और भांग का भी आयोजन होता रहा।

आज न छोड़ेंगे बस हमजोली

हुड़दंग और रंगों की मस्ती से सराबोर होलियारों ने किसी को नहीं छोड़ा। गुरुवार सुबह से ही चौराहों पर लोग इकट्ठे हो गए। डीजे और ढोल- ताशों के शोर के बीच सबने खूब इंज्वॉय किया। उधर से गुजरने वालों को रोककर खूब रंग लगाया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। लगभग शहर के सभी चौराहों पर यही सिलसिला चलता रहा। मोहल्ले, कॉलोनी में टोली बनाकर लोग निकले। फाग गाने के साथ उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को खूब रंग लगाया। अपार्टमेंट में होली की अलग ही रंगत देखने को मिली।

घाट पर लगी होरियारों की भीड़

बनारस में त्योहार हो और गंगा के घाट सूने रह जायें ऐसा तो हो ही नहीं सकता। हमेशा की तरह इस बार भी गंगा घाटों पर पर होरियारों की टोली नजर आई। खास यह रहा कि यहां की होली में देसी लोगों के साथ विदेशियों ने भी खूब मस्ती की। दशाश्वमेध घाट से लेकर अस्सी घाट तक हर जगह होली खेलने वाले मौज-मस्ती करते दिखे। होली के नये पुराने गाने पूरे दिन गूंजते रहे। शहर में कई जगहों पर होली-मिलन समारोह का आयोजन किया गया। डीजे और हाई फाई साउंड सिस्टम की स्वरलहरियों पर लोग देर रात तक झूमते रहे।

मंदिरों में उमड़े भक्त

होली के दिन भगवान को अपनी श्रद्धा समर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का रेला मंदिरों में उमड़ा। होली के दिन चौसट्टी देवी के दर्शन की मान्यता है। इसी मान्यता की पूर्ति में श्रद्धालुओं का रेला देवी के मंदिर में उमड़ा। इधर, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकटमोचन, दुर्गाकुंड, काल भैरव, बीएचयू विश्वनाथ मंदिर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा समर्पित की। दुर्गाकुंड स्थित त्रिदेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली। श्रद्धालुओं को ठंडाई का प्रसाद भी वितरित किया गया। लक्सा स्थित श्याम मंदिर में भी भक्तों ने भगवान श्याम के साथ फूलों की होली खेली।