JAMSHEDPUR: टाटा संस के एमिरेट्स चेयरमैन रतन टाटा ने ग्रुप के नए चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन को शुक्रवार को फाउंडर्स डे के मौके पर शहरवासियों से रूबरू कराया। बिष्टुपुर में मेन पोस्टऑफिस के सामने पोस्टल पार्क में शहरवासियों को संबोधित करते हुए रतन टाटा ने कहा कि चंद्रशेखरन समूह के भीतर के आदमी हैं, बेदाग हैं। टाटा स्टील, टाटा समूह और जमशेदपुर अब सुरक्षित हाथों में है। जो मदद और सहयोग आप लोग अब तक हमें करते आए हैं, उम्मीद करता हूं कि चंद्रशेखरन को भी उसी तरह का सहयोग करते रहेंगे। रतन टाटा ने जमशेदपुर से अपने लगाव को साझा करते हुए कहा कि इस शहर में आकर खुशी होती है। अपने जीवन के छह अहम साल जमशेदपुर में बिताए हैं। जब भी वह इस शहर में आते हैं, अलग महसूस करते हैं। जमशेदपुर लगातार प्रगति कर रहा है। फाउंडर जो विरासत छोड़कर गए हैं, उसका अनुसरण करते हुए हम जमशेदपुर और कंपनी को और आगे लेकर जाएंगे। जमशेदपुर एक स्वच्छ और प्रगतिशील शहर है। अन्य शहरों की तुलना में यहां अपराध का ग्राफ भी कम है। इस शहर को बचाए रखना हम सभी का उत्तरदायित्व है। इससे पूर्व उन्होंने जमशेदपुर व‌र्क्स में फाउंडर जेएन टाटा को पुष्प अर्पित कर नमन किया।