- पार्टी के नये चेहरे आएंगे सामने, कुछ मंत्रियों का बढ़ेगा कद

- यूपी से वरिष्ठ नेता को बनाया जा सकता है बिहार का राज्यपाल

- संगठन में वापस जाएंगी दो महिला मंत्री, एक मंत्री का बढ़ सकता है कद

LUCKNOW:

योगी सरकार में जल्द ही बड़ा फेरबदल अंजाम दिया जा सकता है। पार्टी में अंदरखाने चर्चा तेज है कि जल्द होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में किनकी छुट्टी होनी है और किसकी ताजपोशी। दरअसल, सरकार बनाने की खुमारी से उबर चुकी पार्टी अब कुछ बड़े फैसले लेने की तैयारी में है। इसे 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सरकार की सूरत बदलने की कवायद माना जा रहा है। करीब आधा दर्जन मंत्रियों की मंत्रिमंडल से विदाई तय मानी जा रही है तो संगठन से जुड़े कुछ चेहरों को मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह का नाम सबसे आगे है।

महिला मंत्री का बढ़ेगा कद

पार्टी सूत्रों की मानें, तो योगी कैबिनेट से दो महिला मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है तो एक का कद बढ़ना तय माना जा रहा है। इनमें से एक मंत्री पर मनमाने तरीके से ट्रांसफर किए जाने की गाज गिर सकती है। वहीं दूसरे को कई विवादों और कामकाज में बढ़ते पारिवारिक हस्तक्षेप की वजह से हटाया जा सकता है। वहीं काबीना मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को दोबारा संगठन में लाकर अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उनका नाम पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के लिए भी चर्चा में है। मध्य यूपी से ताल्लुक रखने रखने वाले एक मंत्री के पुत्रों द्वारा अपने कारनामों से पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी करने की वजह से वह पार्टी हाईकमान के निशाने पर आ चुके हैं। इनकी जगह संगठन के एक चेहरे को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, पार्टी स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की जिम्मेदारियों में इजाफा भी कर सकती है।

बॉक्स

बिहार का राज्यपाल फिर यूपी से

रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति बनने के बाद बिहार में यूपी के किसी बड़े नेता को राज्यपाल बनाया जा सकता है। इसमें पूर्व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी को लेकर कयास लगने लगे हैं। सूत्रों की मानें तो इसके लिए कलराज मिश्र के नाम पर भी चर्चा छिड़ी थी लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। सूबे में जल्द होने वाले विधान परिषद चुनाव के बाद इन बदलावों को अंतिम रूप देने की तैयारी है।