-एक हफ्ते तक दिन में गर्मी और रात में सर्दी का दौर चलेगा

KANPUR : इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अब दिन में पारा जहां सामान्य से तीन चार डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है वहीं रात में पारा नॉर्मल से नीचे चला रहा है। अभी एक वीक तक दिन में गर्मी और रात में सर्दी का दौर चलता रहेगा। मौसम के बदले रुख से किसानों को झटका लगना तय है। मूंगफली, ज्वार, बाजरा, उर्द और मूंग का उत्पादन गिरना तय है। मूंगफली की फसल में पहले टिक्का रोग लग गया उसके बाद दीमक ने हमला बोल दिया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।

मौसम का मिजाज बदला

चन्द्रशेखर आजाद एग्रीकल्चर एंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के मौसम साइंटिस्ट डॉ। अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि मौसम में बदलाव आया है। दिन के तापमान सामान्य से लगातार तीन से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। जबकि रात का तापमान सामान्य से नीचे है। जिसकी वजह से दिन में गर्मी होती है और रात में सिटी के आउटर एरिया में ठंडक हो रही है। अभी यह सिलसिला करीब एक वीक तक ऐसे ही चलता रहेगा।

फसल का गिरेगा उत्पादन

दिन का पारा सामान्य से अधिक होने की वजह से किसानों को भी परेशानी हो रही है। उनकी मूंगफली की फसल भी खराब हो रही है। टिक्का रोग के बाद दीमक ने फसल पर हल्ला बोल दिया। इसके अलावा ज्वार, बाजरा, मूंग और उर्द की फसल का उत्पादन गिरेगा। इसकी मुख्य वजह पौधों में नमी की कमी का होना है। इन पौधों में इस टाइम फूल लग रहे हैं।