RANCHI: चीफ सेक्रेट्री राजबाला वर्मा शुक्रवार को बाल-बाल बच गई। वह जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर में बैठ गई थीं। हेलीकॉप्टर ने रांची के लिए उड़ान भी भर लिया, लेकिन करीब सात फीट तक उड़ने के बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग कर दी। यदि हेलीकॉप्टर चार-पांच फीट और ऊपर चला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बहरहाल, हेलीकॉप्टर सकुशल उतर गया और उससे मुख्य सचिव बाहर निकल गई, तो एयरपोर्ट पर मौजूद उपायुक्त समेत तमाम अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मुख्य सचिव करीब एक घंटे बाद 3.20 बजे सड़क मार्ग से रांची रवाना हो गई। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ भी 21 नवंबर को ऐसी ही घटना हुई थी। उसमें भी मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर छोड़कर सड़क मार्ग से रांची जाना पड़ा था।

क्या है मामला

हेलीकॉप्टर झारखंड पुलिस का था। मुख्य सचिव सुबह करीब 11 बजे इसी हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर गई थीं। यहां उन्होंने बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में आयोजित नियोक्ता सम्मेलन में भाग लिया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह दोपहर दो बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचीं। उनका हेलीकॉप्टर करीब 20 मिनट बाद उड़ने के लिए तैयार हो गया। तीन-चार फीट तक सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन चार से पांच फीट के बीच काफी जोर से हेलीकॉप्टर में खड़-खड़ की आवाज होने लगी। ऐसा लगा जैसा उसके डैना या इंजन का कोई पुर्जा ढीला हो गया हो। जब तक पायलट को समझ में आया, तब तक हेलीकॉप्टर करीब सात फीट ऊपर तक पहुंच गया था।