RANCHI : शहर में चोरों का आतंक थम नहीं रहा है। खासकर सेनेटरी की दुकानें इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। चोरों ने शुक्रवार की रात सदर थाना एरिया के कोकर में स्थित स्वास्तिक सेनेटरी में लगभग 9.50 लाख के सामानों की सेंधमारी कर ली। स्वास्तिक सेनेटरी के ओनर राजकिशोर ने सदर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

ऐसे हुई चोरी

स्वास्तिक सेनेटरी के राजकिशोर ने पुलिस को बताया कि वे शुक्रवार की रात आठ बजे के करीब दुकान बंद कर ओल्ड एचबी रोड स्थित अपने आवास चले गए थे। शनिवार की सुबह जब दुकान खोलने आया तो देखा कि एस्बेस्टस की छत टूटी हुई है और सामान बिखरे पड़े हैं। इसपर अपने बेटे मयंक को बुलाया और फिर इसकी जानकारी थाने को दी।

बुलाई गई डॉग स्क्वायड टीम

चोरी की जानकारी मिलने के बाद लालपुर के सर्किल इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह और सदर थाना प्रभारी सरयू आनंद पुलिस बल के साथ स्वास्तिक सेनेटरी पहुंचे। डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। हालांकि, छानबीन में चोरों के बारे में पुलिस को कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हो सकी।

चोरों के निशाने पर सेनेटरी दुकानें

-21 जनवरी, 2015: गोंदा थाना एरिया में स्थित ओभेक्स हार्डवेयर एंड सेनेटरी से पांच लाख रुपए कीमत के सामानों की सेंधमारी का भी खुलासा करने में पुलिस विफल रही है। शॉप के ओनर बलराम सिंह के मुताबिक, प्रतिष्ठान की छत तोड़कर चोरों ने सामान चुरा लिए।

2- 15 जनवरी, 2015: सदर थाना एरिया के बरियातू रोड में स्थित सूरज हार्डवेयर में चोरों ने लाखों के सामान की चोरी कर ली। दुकान के मालिक रामप्रवेश सिंह ने पुलिस को बताया कि शटर का लॉक तोड़कर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया।

3- 14 जनवरी 2015 : सुखदेवनगर थाना एरिया के हरमू रोड स्थित राजगढि़या सेनेटरी से लगभग तीन लाख रुपए के नल फीटिंग के सामान की चोरी हो गई। चोरों ने दुकान की छप्पड़ तोड़कर घटना को अंजाम दिया। इस बाबत शॉप के ओनर ओमप्रकाश राजगढि़या ने सुखदेवनगर थाने में एफआईआर तो दर्ज कराई, पर चोरी का खुलासा नहीं हो सका।

4-8 जनवरी 2015: बूटी मोड़ के पास स्थित प्रेम मार्बल एंड सेनेटरी शॉप में भी हुई लाखों रुपए के सामान की चोरी।

5-30 दिसंबर 2014: रोहित इंटरप्राइजेज में सेंधमारी।

6-22 दिसंबर 2014: सिंह मोड़ के पास स्थित शांति इंटरप्राइजेज में चोरों ने सेनेटरी सामानों की कर ली चोरी।

7-21 दिसंबर 2014: नामकुम थाना एरिया के लोवाडीह स्थित पीके सेनेटरी को चोरों ने बनाया निशाना।