- राज्यसभा चुनाव को लेकर शंतरज का सियासी खेल शुरू

= सस्पेंस खत्म, सपा के डिनर में शिवपाल हुए शामिल

- भाजपा की बैठक में मौजूद रहे ओमप्रकाश राजभर

- कांग्रेस गुरुवार को देगी अपने विधायकों को लंच

LUCKNOW: राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच जोड़तोड़ का सिलसिला तेज हो गया है। बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा और प्रमुख विरोधी दल सपा ने अपने विधायकों की बैठक बुलाई जिसमें राज्यसभा चुनाव में वोट देने की रणनीति तय की गयी। खास बात यह है कि सुबह सपा की बैठक में शिवपाल सिंह यादव नदारद दिखे हालांकि शाम को विधायकों को दिए डिनर में शामिल होकर उन्होंने सस्पेंस खत्म कर दिया। दूसरी ओर भाजपा की बैठक में सपा विधायक नितिन अग्रवाल वोट डालने की पेचदीगियों को समझते नजर आए। भाजपा से नाराज चल रहे सुहेलदेव, भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी मंच पर मौजूद दिखे।

नहीं आए सपा के सात विधायक

बुधवार को पार्टी मुख्यालय में सपा की बैठक में सात विधायक नहीं उपस्थित हुए। इनमें शिवपाल सिंह यादव, आजम खान, अब्दुल्ला आजम खान, सुभाष पासी, नितिन अग्रवाल, हरिओम यादव व कल्पनाथ पासवान शामिल हैं। नितिन अग्रवाल शाम को भाजपा विधायकों की बैठक में हिस्सा लेने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे जिससे साफ हो गया कि उनका वोट भाजपा के पाले में ही जाएगा। हालांकि सपा अब उनके खिलाफ दलबदल कानून के तहत कार्रवाई कर सकती है। उनकी विधानसभा की सदस्यता खत्म करने के लिए सपा विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिख सकती है। वहीं शाम को सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह की ओर से गोमतीनगर के एक होटल में सपा विधायकों को डिनर पर आमंत्रित किया गया। जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल डिंपल यादव भी शामिल हुए। वहीं शिवपाल सिंह यादव ने भी डिनर में शिरकत कर सपा नेतृत्व को राहत दी। सूत्रों के मुताबिक शिवपाल ने कहा कि जो विधायक डिनर में नहीं आ पाये हैं, वो भी हमारे साथ हैं और चुनाव में हमारे पक्ष में वोट देंगे। वहीं पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी डिनर में शामिल नहीं हुए। निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' और विनोद सरोज भी डिनर में शामिल हुए।

अमनमणि भी आए सीएम आवास

निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने भी मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में हिस्सा लेकर साफ कर दिया कि उनका वोट भी भाजपा प्रत्याशी को ही जाएगा। दरअसल अमनमणि को लेकर पहले ही यह संभावना जताई जा रही थी कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष का साथ देकर वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी मोल नहीं लेंगे। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडे, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी अनिल जैन भी मौजूद थे। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोट की प्रक्रिया के बारे में बताया। इस दौरान कुछ विधायकों से वोट देने में चूक भी हुई जिसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेताओं ने उनकी गलती को सुधारा। उन्होंने विधायकों को बताया कि वे कितने वोट दे सकते हैं और उन्हें बैलेट पेपर पर किस तरह वोट देना है। वहीं वोटों के आवंटन का काम बृहस्पतिवार को होगा जिसमें विधायकों को यह बताया जाएगा कि उन्हें अपना वोट किस प्रत्याशी को देना है।

कांग्रेस देगी लंच, बसपा करेगी बैठक

कांग्रेस और बसपा के विधायक गुरुवार को राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन करेंगे। बसपा ने अपने विधायकों को कल सुबह बुलाया है जिसमें पार्टी सुप्रीमो मायावती उन्हें चुनाव को लेकर अहम सुझाव देंगी। वहीं कांग्रेस विधायकों को विधानसभा में नेता कांगे्रस दल अजय कुमार लल्लू की ओर से लंच पर आमंत्रित किया गया है। वहीं कांग्रेस की ओर से चुनाव को लेकर चार नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इनमें प्रमोद तिवारी, राज बब्बर, पीएन पुनिया और डॉ। संजय ंिसंह शामिल हैं।