-योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम आयोजित करेगा योग उत्सव

-समाज के हर वर्ग के सहयोग से कार्यक्रम को बनाएगा सफल

VARANASI

योग दिवस पर पूरा बनारस योग करेगा। इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। नगर निगम ने तो योग दिवस को योग उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी की है। इसके लिए इस क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों, निजी संस्थाओं, एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, धार्मिक संस्थाओं से सहयोग मांगा गया है। इन्हें योग कराने के लिए स्थान मुहैया कराया जाएगा। साथ ही योग दिवस की तैयारियों के बाबत मंगलवार को नगर निगम में मीटिंग हुई। जिसमें उसे भव्य रूप देने पर विचार किया गया।

करना होगा आवेदन

नगर निगम एक से 21 जून तक योग उत्सव मनाएगा। उसकी कोशिश है कि इन 20 दिनों में अलग-अलग स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन हो। इसमें शहर का हर वर्ग अपनी बढ़-चढ़कर सहभागिता करे। खास तौर पर यंगस्टर्स और स्टूडेंट्स। नगर निगम ने योग के लिए काम करने वाली संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं, एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को उत्सव को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपने की योजना बनायी है। उसने योग कार्यक्रम के लिए पार्को, घाटों, सार्वजनिक स्थलों, टाउनहाल को उपलब्ध कराना तय किया है। जिसे जहां सुविधा हो उस स्थान के लिए नगर निगम में आवेदन कर सकता है। जगह एलॉटमेंट के लिए लिखित रूप से नगर आयुक्त कार्यालय में पत्र दिया जा सकता है। साथ ही नगर निगम के ऑफिशियल मेल nagarnigam.VNS@gmail.com पर भी आवेदन कर सकता है। आवेदन के लिए एक प्रारूप नगर निगम की वेबसाइट www.nnvns.org पर उपलब्ध है।

तय हुई रूपरेखा

योग उत्सव को सफल बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की बैठक संस्थाओं के पदाधिकारियों संग नगर निगम के मनोरंजन कक्ष में हुई। इसमें योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले योग उत्सव की रूपरेखा तय की गयी। इसमें संस्थाओं को बताया गया कि उन्हें उनकी सहूलियत की हिसाब से सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। जहां उन्हें तय दिन को अधिक से अधिक लोगों की मौजूदगी में योग कार्यक्रम का आयोजन कराना होगा। इसका उद्देश्य पब्लिक को योग का महत्व बताते हुए इसके लिए इंस्पायर करना होगा।

योग दिवस पर योग उत्सव का आयोजन करने की योजना बनायी गयी है। इसे सबके सहयोग से सफल बनाया जाएगा। समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाएगा।

श्रीहरि प्रताप शाही

नगर आयुक्त