न्यू आगरा के बल्केश्वर में दो पक्ष आए आमने-सामने

युवक बीच में बोला तो कैश और चेन-अंगूठी लूट ली

आगरा। थाना न्यू आगरा बल्केश्वर, अनुराग नगर में युवकों ने दिन दहाड़े घर में घुस कर लूटपाट कर दी। विरोध करने पर घर पर मौजूद विवाहिता के साथ मारपीट की। युवक घर में लूटपाट कर चले गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई लेकिन एरिया में पुलिस को कोई कुछ नहीं बता रहा। पीडि़त परिवार पुलिस से शिकायत करने की बात कर रहा है।

आपस में हुआ था झगड़ा

अनुराग नगर, मेनका प्लेस निवासी महेंद्र यादव का घर में ही दूध का काम है। घर में उनकी पत्‍‌नी उर्मिला, बेटा सोनू व पुत्र वधु प्रियंका रहती है। महेंद्र यादव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 11 बजे बहादुर पुर और रजवाड़े के कुछ युवक नाले के पास झगड़ रहे थे। उस दौरान सोनू से जाकर बीच-बचाव करा दिया। इस बात से कुछ युवक खुन्नस में आ गए।

घर में घुस कर की लूटपाट

12 बजे करीब दस से पंद्रह युवकों की भीड़ जबरन दरवाजा खोल कर घर में दाखिल हो गई। घर पर में उस दौरान प्रियंका एक महीने की बेटी राधिका के साथ थी। सोनू यमुना में भैंसों को लेकर गया था। घर में कोई नहीं था। युवकों को आता देख प्रियंका घबरा गई। उसने युवकों का विरोध तो आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर दी।

सामान खंगाल डाला

युवकों ने आते ही घर में रखा सामान खंगाल डाला। आरोप है कि युवकों ने अलमारी खोल दी। युवक लूटपाट कर भागने लगे कि इतने में उर्मिला घर पर आ गई। उसने युवकों को रोकने का प्रयास किया एक युवक के हाथ से बैग छीना। युवक घटना करने के बाद दनदनाते हुए चले गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। महेंद्र यादव का कहना था कि युवक उनके यहां से एक सोने की चेन, अंगूठी के अलावा 60 हजार रुपये लूट ले गए हैं जो उन्होने भैंस बेच कर घर में रखे थे। इस मामले में पीडि़त परिवार पुलिस से शिकायत करने की तैयारी कर रहा है।