- सीएम ने कैंपियरगंज, मानीराम, झंगहा और चौरीचौरा के दर्जनों गांवों का किया निरीक्षण

GORAKHPUR: इस दैवीय आपदा में प्रदेश सरकार सबके साथ है। इस आपदा की क्षतिपूर्ति तो नहीं की जा सकती है, लेकिन पीडि़तों के सहयोग में सरकार पीछे नहीं हटेगी। जिनके भी घर इस आपदा में गिर गए हैं, सरकार तत्काल पक्का मकान निर्माण कराकर देगी। यह बातें शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले में बाढ़ग्रस्त गांवों का निरीक्षण करते हुए व राहत सामग्री वितरण करते समय कही। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद बीमारियां तेजी से फैलती है, इसलिए प्रशासन इस बात को लेकर सतर्क रहे कि जैसे ही बाढ़ का पानी गांवों से निकलता है, वहां से तत्काल सफाई की व्यवस्था करें और संक्रमण फैलने से रोके। बाढ़ के बाद अगर बीमारी फैली तो सभी पर कार्रवाई की जाएगी।

पीडि़तों के खाते में तत्काल आएगा पैसा

बाढ़ग्रस्त एरिया का निरीक्षण करते हुए विकास खण्ड चरगांवा व मानीराम में पहुंचे। जहां रामपुर से गोपलापुर तक मोटरबोट से गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ पूरी प्रदेश खड़ी है। जिन लोगों के घर गिरे हैं, उनको सरकार तत्काल मदद करेगी। पीडि़तों के बैंक खाते में सरकार की तरफ से तत्काल 95100 रुपए व जनहानि पर चार लाख रुपए सरकार की तरफ से तत्काल दिया जाएगा। जो भी पीडि़त हैं उनके हक पर कोई डाका नहीं डाल पाएगा। अगर इस तरह की कोई करतूत करता है तो उसको बख्शा नहीं जाएगा। बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसलों का सर्वे तहसील प्रशासन करे और उनकी क्षतिपूर्ति देने का कार्य किया जाए।

तीन को दी आर्थिक मदद

चौरीचौरा एरिया के कोना, सोनबरसा, कैंपियरगंज के कुडि़या, बांसगांव के बेलदारी टोला और सिक्टौर गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ की पानी से मकान ध्वस्त होने के कारण खड़खडि़या गांव के चंद्रबलि, राजकुमार और सुरेश का मकान ध्वस्त होने पर सीएम ने 95100 रुपए की आर्थिक मदद दी। इस दौरान सीएम ने बाढ़ग्रस्त लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी इस आपदा में शासन और प्रशासन उनके साथ खड़ी है। जिनकी झोपड़ी या कच्चे मकान ध्वस्त हो गए हैं, उनका सर्वे कराने के बाद अनुमन्य सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ समस्या की स्थायी निदान के लिए कारगर योजना बनाई जाए। प्रदेश में बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रभारी मंत्री को राहत सामग्री की समीक्षा की जाएगी। जिन गांव में नाव नहीं पहुंच पा रही है, वहां एयरफोर्स के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर सांसद बांसगांव कमलेश पासवान, विधायक संगीता यादव, विधायक फतेह बहादुर, विधायक विमलेश पासवान, कमिश्नर अनिल कुमार, डीएम राजीव रौतेला सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

बॉक्स

आज बलिया जाएंगे सीएम

दो दिन से गोरखपुर में रह रहे सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलिया के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे तक मंदिर में रहेंगे और उसके बाद कार से एमपी पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने हैलीपैड से 11.10 बजे राजकीय हेलिकॉप्टर से बलिया के लिए रवाना होंगे।