RANCHI : आज की युवा पीढ़ी में आत्महत्या करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आए दिन किसी न किसी युवक-युवती के आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आ रही है। शुक्रवार को भी एक छात्रा ने फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। लालपुर थाना एरिया के गुलमोहर पार्क के पास एक घर के पिछले हिस्से में दीवार से लटकती उसकी लाश मिली। मृतका की पहचान महेंद्र प्रसाद महिला कॉलेज में इंटर की छात्रा सुनीता कुजूर के रुप में की गई। घटनास्थल से पुलिस ने एक मोबाइल फोन, बैग, फिनायल की बोतल बरामद की है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

तनाव में थी छात्रा

सुनीता कुजूर बेसिकली लोहरदगा की रहने वाली थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह रांची के लालपुर में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। सुनीता के माता-पिता की आर्थिक हालत अच्छी नहीं है। इतना ही नहीं, इंटर में एडमिशन लेने के बाद से ही वह काफी परेशान रह रही थी। हो सकता हो, इसी वजह से उसने सुसाइड कर लिया हो। लालपुर इंस्पेक्टर रमोद कुमार सिंह भी इस घटना को आत्महत्या से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि हर एंगल से मामले की छानबीन की जा रही है।

दो दिन से नहीं गई थी घर

सुनीता कुजूर कुछ दिनों पहले अपने घर लोहरदगा गई थी। बुधवार को वह वापस रांची आई थी, लेकिन बुआ केघर नहीं गई। शुक्रवार को उसका शव बरामद किया गया।

पिता से हुआ था झगड़ा

पिता कुशन कुजूर ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से काफी डिप्रेशन में रह रही थी। वह प्रॉपर वे में पढ़ाई नहीं कर पा रही थी। इसे लेकर उसे काफी समझाया था। लेकिन रांची लौटने के बाद उसके सुसाइड करने की जानकारी मिली।

पहले भी किया था सुसाइड का अटेंप्ट

मिली जानकारी के मुताबिक, सुनीता कुजूर इससे पहले भी आत्महत्या करने का प्रयास कर चुकी है। एक महीने पहले ही उसने फिनायल पीकर अपनी जान देने की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसे रिम्स में एडमिट किया गया था। चिकित्सकों की कोशिशों के बाद ही उसकी जान बच पाई थी।

लव अफेयर्स से जुड़ा मामला तो नहीं ?

लालपुर पुलिस सुनीता के आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को कब्जे में कर उसके कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है। पुलिस को यह भी आशंका है कि कहीं यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला तो नहीं है। कहीं प्रेम प्रसंग में धोखा खाकर उसने यह कदम तो नहीं उठाया। पुलिस इस बिंदू पर भी छानबीन कर रही है कि कहीं उसकी हत्या कर शव को दीवार से तो लटका नहीं दिया गया? हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।