- छह अप्रैल को घर से निकली थी कॉलेज के लिए

- रविवार को कर्रा के नगजुआ गांव से मिला जला शव

- स्थानीय लोगों में आक्रोश, हत्यारों का नहीं चला पता

RANCHI (8 Apr) : मारवाड़ी वीमेंस कॉलेज की पार्ट-2 की स्टूडेंट अफसाना परवीन (20 वर्ष) की हत्या कर दी गयी है। उसकी लाश जलाकर कैरो थानांतर्गत नगजुआ गांव में फेंक दी गयी थी, जो रविवार को बरामद की गयी। अफसाना 6 अप्रैल को फार्म भरने के लिए दिन के साढ़े ग्यारह बजे पुंदाग स्थित अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। शाम तक वह घर नहीं पहुंची थी, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की थी। रविवार को उसकी लाश मिलने की सूचना आते ही पुंदाग में मातम छा गया।

पिता ने दर्ज कराया था सनहा

अफसाना परवीन के पिता अख्तर अंसारी ने छह अप्रैल की रात को ही पुंदाग ओपी में अपनी बेटी की गुमशुदगी को लेकर एक सनहा दर्ज कराया था। दो दिनों तक पुलिस उसे खोज नहीं पायी। तीसरे दिन अफसाना की लाश नगजुआ गांव से मिली। हालांकि, परिजन भी इस बात से अनजान हैं कि आखिर अफसाना रांची से लोहरदगा कैसे पहुंची।

रिम्स में हुआ पोस्टमार्टम

नगजुआ गांव से शव दिन में ही रांची लाया गया। इसके बाद रिम्स में पोस्टमार्टम हुआ और शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर लोग पुंदाग पहुंचे, जहां मातम का माहौल था। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस बीच स्थानीय लोगों ने पुंदाग टीओपी का घेराव करने का फैसला किया।

टीओपी का घेराव, नारेबाजी की

स्थानीय लोगों ने शाम छह बजे पुंदाग टीओपी का घोराव कर दिया। टीओपी के बाहर जमकर नारेबाजी भी हुई। इस दौरान लोगों ने हत्यारे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। काफी देर तक टीओपी में हंगामा होता रहा। इस क्रम में लोगों ने सड़क जाम भी कर दिया। मौके पर पहुंचे हटिया डीएसपी ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोगों ने जाम हटाया।

---------------

कोट

लड़की के साथ कुछ चीजें थीं, जो गायब हैं। अभी जांच चल रही है। हाल के दिनों में कुछ मामले सामने आये हैं, जिनमें एक जिले से लड़कियां गायब होती हैं और दूसरे जिलों में शव मिलता है। यह गंभीर मामला है। अफसाना परवीन के मामले में जांच चल रही है, हत्यारे जल्द ही गिरफ्तार होंगे।

एस कार्तिक, एसपी, लोहरदगा