- बेटे को बताया अवसाद ग्रस्त, मोबाइल स्विच ऑफ कर चला गया था फिल्म देखने

- थाने में पुलिस समेत भारी संख्या में व्यापारियों का लगा जमावड़ा

Meerut : शहर के बड़े व्यापारी के बेटे के अपहरण की सूचना ने बुधवार को पुलिस को हलकान कर दिया। व्यापारी का बेटा सुबह अपने घर से प्लांट की ओर निकला था, लेकिन वह प्लांट नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। व्यापारी ने अपने बेटे की खबर के लिए सभी जानकारों के यहां पर फोन किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने भी मैसेज फ्लैश कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही व्यापारी के बेटे ने जब घर पर खुद ही फोन कर सूचना दी तब कहीं जाकर सभी ने चैन की सांस ली।

प्लांट नहीं पहुंचा

टीपी नगर में रहने वाले पवन मित्तल संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष हैं और शहर के बड़े व्यापारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनका 29 वर्षीय बेटा अभिनव का अपहरण हो गया है। उसने बीटेक किया है। वह सुबह घर से बागपत रोड स्थित सीमेंट के खंभे बनाने वाले प्लांट के लिए निकला था, लेकिन शाम हो गई उसकी कोई खबर नहीं है। उनकी सूचना पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। यह खबर शहर के सभी व्यापारियों में फैल गई। व्यापारी उनके घर पर जुटने लगे। पुलिस भी अलर्ट हो गई और व्यापारी के घर पर पहुंच गई। इतने में करीब 5 बजे के बाद अभिनव ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह अपनी कार में मुकुट हॉल स्थित फ्लाईओवर के नीचे बैठा है।

यह बताई कहानी

थाने में एसपी सिटी, सीओ रफीक अहमद, समेत भारी संख्या में पुलिस और व्यापारी का जमावड़ा लग गया। सभी के सामने अभिनव ने बताया कि वह सुबह 10 बजे अपने स्कूटर से बैंक गया और वहां पर डीडी बनवाई। इसके बाद वह घर लौटा और अपनी कार से करीब साढ़े ग्यारह बजे प्लांट के लिए निकला। उसके पास करीब 80 हजार रुपए थे। लेकिन प्लांट न जाकर वह शॉपरिक्स मॉल में पिक्चर देखने चला गया। उसने स्क्रीन थ्री में घायल फिल्म देखी। उसने बताया कि इस दौरान उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। करीब साढ़े तीन बजे के बाद जब फिल्म खत्म हुई तो वह फ्लाईओवर के नीचे अपनी कार में बैठ गया। काफी देर बाद उसने मोबाइन ऑन किया और अपनी मां से बात की।

कहानी में ट्विस्ट है

अभिनव की कहानी में काफी ट्विस्ट नजर आ रहा है। घरवाले और पुलिस का कहना है कि वह पारिवारिक दिक्कतों के चलते अवसाद ग्रस्त है। लेकिन दिक्कत क्या है यह किसी ने नहीं बताया। थाने में भारी संख्या में व्यापारी जमा हो गए थे। ऐसा कौन सा मामला था कि इतने व्यापारी जमा हो गए। अभिनव की उम्र 29 वर्ष है। ऐसी क्या स्थिति हो गई कि परिजनों ने उसके अपहरण की सूचना फैला दी। सूत्रों का कहना है कि मामला कुछ और ही है और व्यापारी व पुलिस की मदद से सभी के सामने एक अन्य ही कहानी सामने लाई गई।