आगरा। थाना लोहामंडी के खातीपाड़ा में धर्मस्थल को लेकर दो समुदायों में तनाव बन गया। नारेबाजी के साथ धार्मिकस्थल का ताला व दीवार तोड़ दी। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें हिन्दूवादी संगठन के पदाधिकारियों के साथ कई महिलाएं भी चोटिल हो गई।

पुलिस ने डाल दिया था ताला

बताया गया कि खातीपाड़ा, लोहामंडी में एक धर्मस्थल है। बीते वर्ष गैर समुदाय युवक ने वहां पर दूसरा धर्मस्थल होने की बात कही। जिस पर पुलिस ने वहां पर ताला डाल दिया। एरिया के लोगों ने वहां पर कुएं को ढक दिया था, उसमें गिर कर जानवर मर जाते थे। बच्चे भी वहां खेलते थे। उस दौरान चाबी पुलिस ने रख ली। अब नवरात्रों के चलते महिलाओं ने चाबी ले ली। हिंदूवादी संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हिंदूवादियों ने थाने पर धरना दिया। आरोप है कि इस दौरान गैर समुदाय युवकों ने मारपीट कर दी, जिससे मामला बिगड़ गया। इधर, एरिया के लोगों ने मंदिर का दरवाजा व दीवार को तोड़ दी।

पुलिस ने किया लाठी चार्ज

आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हिंदूवादियों व अन्य लोगों पर पुलिस ने लाठी बरसा दी। हिंदूवादियों को पुलिस ने दूर तक दौड़ाया। इस दौरान एरिया में अफरा-तफरी मच गई। दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। लोग घरों में कैद हो गए। किसी तरह स्थिति पर काबू पाया गया। बताया गया है कि कुछ महिलाएं लाठीचार्ज में चोटिल हो गई। इसके बाद भी तनाव बना रहा। मौके पर एएसपी अपर्णा गुप्ता, सीओ लोहामंडी श्याम कांत, सीओ छत्ता बीएएस त्यागी पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। मंदिर वाले हिस्से के कागजों की जांच की जा रही है।