किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती मिली प्रतियोगी छात्र की लाश

ALLAHABAD: कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र के चंद्रसेन गांव निवासी अवधेश सिंह का पुत्र अमन सिंह (22) पिछले वर्ष पहले इलाहाबाद पढ़ाई करने आया था। वह कम्पटीशन की तैयारी में लगा हुआ था। लेकिन बुधवार की रात में न जाने ऐसा क्या हुआ कि उसने अपनी जिंदगी को खत्म कर मौत को चुन लिया। गुरुवार को कमरे में फांसी के फंदे से लटकती उसकी लाश मिली। यह खबर घर वालों तक पहुंची तो उनमें कोहराम मच गया।

बुझ गया इकलौता चिराग

अमन आईटीआई कालेज फतेहपुर के शिक्षक अवधेश सिंह का इकलौता बेटा था। अवधेश की दो बेटियां भी हैं। इकलौता बेटा पढ़ लिख कर आईएएस या पीसीएस बन जाए। इसी सपने को पूरा करने के लिए घर वालों ने अमन को इलाहाबाद भेजा था। अमन पिछले वर्ष इलाहाबाद आकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जी जान से जुट गया था।

11 जनवरी को गांव से लौटा था

वह कैंट थाना क्षेत्र के गंगा नगर सरकुलर रोड नेवादा मुहल्ले में किराए के एक मकान में रहता था। बुधवार की रात अमन खाना खाने के बाद कमरे में सो गया। लेकिन गुरुवार की सुबह जब वह नहीं उठा तो बगल के कमरों में रह रहे छात्रों ने उसे बुलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिस पर छात्रों ने खिड़की से उसके कमरे में झांक कर देखा तो गमछा के सहारे पंखे के चुल्ले अमन का शव लटक रहा था। जिसके बाद छात्रों ने शोर मचाकर अन्य लोगों के साथ ही पुलिस को जानकारी दी। अमन ने फांसी क्यों लगाई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। 11 जनवरी को अमन गांव से इलाहाबाद लौटा था।