RANCHI:आप अब किसी भी घटना-दुर्घटना की कंप्लेन रांची पुलिस से ऑनलाइन कर सकेंगे। इसके लिए आपको सिर्फ अपने ट्विटर अकाउंट का यूज करना है। जी हां, रांची पुलिस अब कंप्लेन के लिए ट्विटर अकाउंट का यूज करेगी। इस पर कंप्लेन मिलते ही पुलिस क्विक एक्शन लेगी। ट्विटर अकाउंट पर सभी तरह की समस्याएं रांची पुलिस से शेयर कर सकते हैं। एसएसपी कुलदीप द्विवेदी की पहल पर ट्विटर अकाउंट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इस अकाउंट का शुभारंभ किया जाएगा, ताकि दूर रहकर भी लोग अपनी प्रॉब्लम पुलिस से शेयर कर सकेंगे।

ऐसे हैंडल होगा अकाउंट

रांची पुलिस के ट्विटर अकाउंट को एक पूरी टीम हैंडल करेगी। इसमें टेक्निशियन ब्रांच से लेकर कार्रवाई करने तक के लोग शामिल रहेंगे। दो शिफ्ट में पुलिस जवान इस टीम में काम करेंगे। इन्हें ट्रेंड किया जा रहा है। कंप्लेन मिलते ही रिलेटेड थाने को इन्फॉरमेशन दी जाएगी। उसके बाद आगे भी इस बारे में जानकारी ली जाएगी। ऑनलाइन मिलने वाली कंप्लेन का ब्योरा अलग से बनाया जाएगा।

ऐसे करें कंप्लेन (बॉक्स)

ट्विटर पर शिकायत करने के लिए आपके पास भी ट्विटर अकाउंट होना चाहिए, जिसके जरिए आप अपनी कंप्लेन रिलेटेड रांची पुलिस के अकाउंट पर कर सकेंगे। कम शब्दों में आपको अपनी बात रखनी होगी। उसी समय रांची पुलिस की ओर से जवाब भी दिया जाएगा। साथ ही कार्रवाई के बारे में भी बताया जाएगा। कार्रवाई के बारे में भी आप चाहें तो ट्विटर अकाउंट से जानकारी ले सकेंगे।

वर्जन

ट्विटर अकाउंट पर सभी तरह की समस्याएं शेयर कर सकते हैं। इस अकाउंट में समस्या मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक पूरी टीम तैयार की जा रही है।

-कुलदीप द्विवेदी, एसएसपी, रांची।