- 27 साल में बदल गयी है एक पीढ़ी

- जाति-धर्म के नाम पर हो रही राजनीति

BAREILLY:

प्रदेश में 27 साल बाद एक बार फिर कांग्रेस अपनी सरकार बनाने के लिए कमर कस चुकी है। संडे को कांग्रेस की यूपी बेहाल यात्रा बरेली पहुंची। अयूब खां चौराहे के पास हुई सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं का उत्साह देखते ही बना। यात्रा में शामिल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व अभिनेता राजबब्बर, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, राजीव शुक्ला जैसे दिग्गज नेता जैसे ही शहर पहुंचे पूरा सभा स्थल कांग्रेस जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। राजबब्बर अभिनेता की तरह नहीं बल्कि मंझे हुए राजनीतिज्ञ की तरह नजर आए। उन्होंने सधे शब्दों में विरोधी दलों की नीति और रणनीति पर कठोर प्रहार किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामदेव पांडेय, महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन और भोजीपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रेसीडेंट अजय शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बदल गयी है एक पीढ़ी

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व फिल्म अभिनेता राजबब्बर ने कहा कि 27 साल में एक पीढ़ी बदल गई। उन्हें यह नहीं पता कि कांग्रेस ने प्रदेश के विकास के लिए क्या किया। धर्म-जाति की राजनीति करने वाली सरकारों ने विकास के नाम पर छल किया। अभी तो सिर्फ चौखट पर सलाम-प्रणाम करने निकले हैं, जल्द लखनऊ की कुर्सियां हिलेंगी। उन्होंने ओवैसी का नाम लिए बगैर कहा कि भाजपा की मदद करने वे पहले बिहार गए थे और अब यूपी में मददगार की भूमिका निभाने को छटपटा रहे हैं। बेहतर हो वे हैदराबाद के विकास पर ध्यान दें। भाजपा को यूपी में भी बिहार जैसा ईनाम मिलेगा।

तो नींद अच्छी लेनी चहिए

राजबब्बर ने कहां कि लड़ाई लंबी हो तो नींद अच्छी तरह से लेनी चाहिए। सरकार जनता की होगी। जो पब्लिक की इशारों पर चलने वाली होगी। यूपी में भाजपा और बसपा के बीच विवाद को संकेतों में कहा। बोले, गालीगलौच की राजनीति करने वाले दल यह नहीं जानते कि मां और बहन के रिश्ते किसी जाति या धर्म के नहीं होते। कांग्रेस प्रदेश में किसी और से नहीं जनता से गठबंधन करेगी। जिन्होंने लैपटॉप का प्रलोभन देकर युवाओं को बेरोजगार रखा, जिन्होंने 15 लाख रुपये खाते में देने का वादा देकर धोखा दिया, उनको जनता ही सबक सिखाएगी।

शिवपाल है छोटे पहलवान

सपा नेता शिवपाल के बयान पर कहा कि वे छोटे पहलवान हैं, बेहतर होगा अपने अखाड़े में ही लड़ते रहें। बाहर आकर लड़ेंगे तो पटखनी खा बैठेंगे। जरा वर्तमान सरकार से पूछिए उन्होंने लैपटाप तो बांट दिया रोजगार कितने लोगों को दिया।

दलित विरोधी हैं भाजपा-बसपा

प्रदेश में मचे सियासी घमासान पर कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि भाजपा और बसपा दलित विरोधी दल हैं। भाजपा सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने के लिए दलित समुदाय को भ्रमित करने का प्रयास करती है। बिहार चुनाव के दौरान जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जब संविधान से मिले आरक्षण के अधिकार को समाप्त करने की बात की। तब प्रधानमंत्री ने आरक्षण की वकालत की, लेकिन बाद में जी जान लगाकर बैंकों में प्रमोशन की आरक्षण व्यवस्था को खत्म कराया। यूजीसी, निफ्ट आदि में आरक्षण की समाप्ति की कोशिश से ही इनकी मानसिकता नजर आ रही है। दलितों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए बसपा कोशिश नहीं करती। पहले वोट और बाद में नोट की सियासत तक ये पार्टी सिमट चुकी है। पिछले 27 साल में गैर कांग्रेसी सरकारों ने नेताओं के विकास पर ही काम किया, जिसका नतीजा है कि प्रदेश बेहाल है।

महिला कांग्रेस पदाधिकारियों में रोष

रामपुर गार्डेन में पार्टी के प्रमुख नेताओं के आराम करने और लंच की व्यवस्था थी। इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस होना था। लेकिन, कांग्रेस के प्रमुख नेताओं से नहीं मिल पाने से जिला महिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों में काफी आक्रोश रहा। जिला अध्यक्ष कमेलश ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुनीता दुबे और मानवाधिकार प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष संगीता कौशल ने कहा कि कांग्रेस के लिए दिन-रात हम लोग मेहनत और नारेबाजी कर रहे हैं। लेकिन, यहां पर पार्टी के महिलाओं का अपमान हो रहा है। इस बात की शिकायत पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से की जाएगी।