- केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री डॉ। महेश शर्मा ने तुलसी उपवन में किया कार्यो का शिलान्यास

-रामायण काल से संबंधित शहरों को जोड़ने के लिए योजना बनाई

KANPUR : नगर के पर्यटन स्थलों को नया रंग-रूप देने का कार्य शुरू हो गया है। इस कड़ी में ट्यूजडे को मोतीझील के तुलसी उपवन में स्वदेश दर्शन योजना के तहत रामायण परिपथ के फ‌र्स्ट फेज के निर्माण की आधार शिला केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री डॉ। महेश शर्मा ने रखी। उन्होंने तुलसी उपवन, बिठूर के बाल्मिकी आश्रम, लव-कुश आश्रम और पौराणिक परमट घाट के कायाकल्प के लिए 6 करोड़ की योजना का एमओयू भी सौंपा।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार फैजाबाद (अयोध्या), कानपुर और चित्रकूट जिले में 275 करोड़ रुपए से रामायण परिपथ का निर्माण कर रही है। यह रामायण परिपथ उन स्थानों से होकर गुजर रहा है जो रामायण काल से जुड़े हैं। इसका फ‌र्स्ट फेज कानपुर के तुलसी उपवन और बाल्मिकी आश्रम के सौंदर्यीकरण के कार्य से शुरू किया जा रहा है।

6 करोड़ रुपए से होगा कार्य

6 करोड़ की लागत से इस कार्य का शिलान्यास करते हुए केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री ने बताया कि तुलसी उपवन में लेजर शो और लाइट एण्ड साउन्ड सिस्टम से रामायण के प्रसंगों को चित्रित किया जाएगा। साथ ही बाल्मिकी आश्रम का भी कायाकल्प हो जाने से शहर पर्यटन की दृष्टि से और समृद्ध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि परमट घाट का नजारा भी बदला जा रहा है। इन कार्यो के होने के बाद शहर में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे यहां के लोगों के लिए पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा।

विश्व ललचाई दृष्टि से देखता है

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ। महेश शर्मा ने कहा कि भारत देश के संस्कार को देख कर पूरा विश्व हमें ललचाई दृष्टि से देखता है। हमारे यहां धरती, देश, नदियों, तुलसी, गौ को माता कहा जाता है। ऐसा किसी अन्य देश में देखने को नहीं मिलता है। मानस संगम के संस्थापक डॉ। बद्री नारायण तिवारी ने कहा कि तुलसी उपवन देश की पहली ओपेन लाइब्रेरी है। इस मौके पर महापौर जगतवीर सिंह द्रोण, अकबरपुर के सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक सलिल विश्नोई, विधायक सत्यदेव पचौरी, सतीश महाना, रघुनंदन भदौरिया, एमएलसी अरुण पाठक, पूर्व विधायक नीरज चतुर्वेदी, विजय पण्डित आदि शामिल रहे।