-निगम में एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गए

-कर्मचारियों की मौज-मस्ती व गायब रहने पर होगी कार्रवाई

ROORKEE (JNN) : अब नगर निगम में कर्मचारियों का कुर्सी से गायब होना व काम के बजाए मौज-मस्ती नहीं चलेगी। पल-पल की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होगी। नगर निगम में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना को अमली जामा पहना दिया गया है।

सभी विभाग में लगाए कैमरे

कर्मचारी देर से आने के साथ बिना बताये कार्यालय से चले जाना आम बात हो गई थी, जिसके चलते आमजन को गृह कर, व्यवसायिक कर जमा कराने, गंदगी की शिकायत करने समेत अन्य कार्यो के लिए भटकना पड़ता था। ऐसे में नगर निगम ने कर्मचारियों पर लगाम लगाने के लिए बायोमेट्रिक मशीन लगा दी थी। इसके बाद नगर निगम प्रबंधन ने कर विभाग, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय, कर अधीक्षक कक्ष, एकाउंट आफिस, निर्माण विभाग, गैलरी समेत निगम गेट पर एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगा दिये हैं। इसका कंट्रोल रूम नगर निगम मेयर कक्ष व एसएनए कक्ष में बनाया गया है। दोनों कक्षों से कर्मचारियों की हर गतिविधि को देखा जा सकता है। सहायक नगर अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा लगने से निगम के कर्मचारियों की हर गतिविधियां का पता चल सकेगा। फरियादियों की सुनवाई न होने की जानकारी मिल सकेगी।