हादसे का शिकार या हुई हत्या को लेकर उठते रहे सवाल

घटना के काफी देर बाद हो सकी शव की शिनाख्त

ALLAHABAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ममफोर्डगंज का सतीश श्रीवास्तव शनिवार की रात जानसेनगंज में आयोजित देवी जागरण सुनने के लिए घर से निकला था। देर रात न जाने क्या हुआ? वह हादसे का शिकार हुआ या फिर किसी साजिश का? रविवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के कमला नेहरू रोड पर पेट्रोल पंप के पास उसकी लाश मिली। पुलिस जहां इसे हादसा बता रही है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

चलाता था पान की दुकान

जलनिगम के रिटायर्ड कर्मचारी जगदीश श्रीवास्तव मम्फोर्डगंज में परिवार के साथ रहते हैं। बेटा सतीश श्रीवास्तव उर्फ शीलू सूरजकुंड पुलिस चौकी के पास ही पान की दुकान चलाता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह दुकान के पास ही स्थित पेट्रोल पंप पर सो जाता था। परिजनों की मानें तो शनिवार की रात शीलू जानसेनगंज में आयोजित देवी जागरण सुनने के लिए गया था। पेट्रोल पंप के पास लाश मिलने के बाद काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

इसी बीच पेट्रोल पंप कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई तो उन्हें उसके शीलू होने का शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी के लिए उसके घर फोन किया तो परिवार वाले भी इससे अनजान थे। सूचना पर परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

शनिवार रात अज्ञात वाहन द्वारा युवक को टक्कर मारने की जानकारी हुई है। पुलिस हत्या और हादसा दोनों ही एंगल पर जांच कर रही है।

अनुपम शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली