GORAKHPUR: कैंपियरगंज एरिया के गुलरिहा गांव में पत्नी की सहमती पर एक व्यक्ति ने अपनी तीन साल की बेटी की गला घोंट हत्या कर दी। दरिंदे पिता ने हत्या के बाद बेटी के शव को नदी के तट पर ठिकाने भी लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर करमैनी घाट के पास से मासूम की डेड बॉडी बरामद की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के सुसर की तहरीर पर आरोपी पती-पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

 

बेटी को लेकर चल रहा था विवाद

गुलरिहा गांव के उमेश पटेल की शादी चार वर्ष पूर्व गुलरिहा एरिया के करमहा गांव की सुनीता के साथ हुई थी। सुनीता ने पुलिस को बताया कि शादी के पंद्रह दिन बाद उमेश ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। इसके बाद वह मायके चली गई। मायके में ही सुनीता ने एक बेटी को जन्म दिया। करीब दो साल बाद आपसी सुलह से बेटी के साथ फिर सुनीता ससुराल आई। लेकिन कुछ दिन बीतते ही पति उमेश ने फिर पीट घर से भगा दिया। इसके बाद सुनीता के मायके वालों ने कोर्ट में मुकदमा कर दिया। दोनों के बीच बेटी की कस्टडी को लेकर विवाद चल रहा था।

 

इसे मारकर ही तब साथ रहेंगे

पुलिस की पूछताछ में सुनिता ने बताया कि पति उमेश का कहना था कि बेटी मेरी नहीं है। इसे लेकर कई पंचायत भी हुई थी। हालांकि, बीते 13 नवंबर को उमेश कोर्ट के आदेश पर कोर्ट से ही पत्नी व बेटी सोनाली को साथ लाया। आरोप है कि घर लाने के बाद पति फिर उसके साथ मारपीट कर घर से भगाने लगा। मंगलवार देर रात उमेश ने पत्नी व बेटी दोनों को पीटा। सुनीता ने पुलिस को बताया कि उमेश ने कहा कि बेटी को मारो तभी तुम्हें साथ रखूंगा। इसके बाद उसने बेटी की रुमाल से गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद बुधवार सुबह लाश को करमैनी घाट के पास गाड़ दिया। शव को ठिकाने लगाने में गांव के दो अन्य व्यक्ति भी शामिल थे। उधर, उमेश के ससुरालियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया और उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया।

 

 

पति ने बेटी को खत्म कर पत्नी के साथ रहने के लिए घटना को अंजाम दिया। इसमें पत्नी की भी मौन स्वीकृति थी। वहीं गांव के अन्य दो लोग भी इस घटना में शामिल थे। आरोपी पिता के ससुर बाबूराम की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

- आशुतोष सिंह, एसओ कैंपियरगंज