- प्रेमी जोड़े ने आठ घरों में की थी लूट की तैयारी

- 25 लाख रुपए में नेपाल में तय कर लिया ज्वेलरी का सौदा

GORAKHPUR : तारामंडल एरिया के सिद्धार्थ एंक्लेव में लूटपाट करने के बाद दंपति ने आठ घरों की रेकी की थी, लेकिन रेलवे म्यूजियम के पास पर्स छीनने के चक्कर में पुलिस के राडार पर आ गए। सर्विलांस के सहारे पुलिस ने सैटर्डे को आरोपी दंपति को अरेस्ट कर लिया। उनके पास से एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर से लूटे गए गहने बरामद हुए। कैंट पुलिस ने दावा किया कि गहने आर्टिफिशियल हैं, लेकिन पीडि़त परिवार ने पुलिस के दावे को खारिज किया। एसएसपी आरके भारद्वाज ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

कूड़ाघाट के पीपलडाढ़ा के पास से पुलिस ने किया अरेस्ट

एसपी सिटी सत्येंद्र कुमार और एएसपी अजय पांडेय ने बताया कि सैटर्डे को इंस्पेक्टर कैंट अंजनी कुमार राय, एसआई दिलीप शुक्ला, एसआई मोती सिंह यादव, कांस्टेबल अमला यादव, अंबरीश कुमार राय, श्रीनिवास सिंह और महिला कांस्टेबल विद्या सिंह की टीम ने पीपलडाढ़ा के पास बाइक सवार एक युवक और युवती को अरेस्ट किया। युवक की पहचान मोहद्दीपुर निवासी विनय गुप्ता के रूप में हुई। उसके साथ मौजूद युवती खुशबू क्षेत्री उसकी पत्‍‌नी निकली। उनके पास से लूट के गहने, चाकू और मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उन लोगों ने इंजीनियर शिवनाथ शाही के घर में लूटपाट की। इसके बाद 7 सितंबर को यूनिवर्सिटी हॉस्टल गेट के पास बाइक सवार दंपति से पर्स छीन लिया।

चौथे घर में की लूटपाट, आठ घरों की थी रेकी

गोपालगंज में इरिगेशन डिपार्टमेंट में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर शिवनाथ शाही के घर में उनकी पत्‍‌नी रीता शाही और मंदबुद्धि बेटी शालू रहती हैं। पुलिस का कहना है कि फ् सितंबर को खुशबू ने लूटपाट का प्लान बनाया। अपने पति विनय गुप्ता को लेकर रामगढ़ ताल एरिया में गई। वहां तीन घरों में किराये पर कमरे की बात की। चौथे घर में पहुंचे तो शालू ने कहा कि अभी घर पर कोई नहीं है। पानी पीने के बहाने दोनों घर में घुसे और शालू को घायल करके गहने लूट ले गए। लूट में सक्सेसफुल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई देखकर इस दंपत्ति ने आठ और घरों को निशाने पर लिया। तारामंडल एरिया में तीन, दिव्य नगर कालोनी में दो और सैनिक बिहार तीन घरों की रेकी कर ली।

मौज मस्ती करके लौट रहे थे, लूट लिया पर्स

इंजीनियर के घर लूटपाट के बाद आरोपी दंपति मौज मस्ती करने लगा। विनय ने पत्‍‌नी को घुमाने के लिए श्री टाकीज के पास रहने वाले अपने परिचित पान के एक दुकानदार से बाइक मांगी। दोनों वहां से गोलघर एरिया में घूमने गए। रात में घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में यूनिवर्सिटी हॉस्टल से थोड़ी दूरी पर पत्रकार अजय सिंह अपनी पत्‍‌नी के साथ बाइक से नजर आए। खुशबू के कहने पर विनय ने दंपति के पास दाहिनी तरफ बाइक लगाई। झपट्टा मारकर पर्स छीनने के बाद दोनों कौआबाग की तरफ फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी विनय ने बताया कि उसकी पत्‍‌नी खुशबू को होटल में खाना खाने और पिक्चर देखने का शौक है। इसलिए उसने लूटपाट करने को कहा जिससे वे लोग आसानी से रुपए कमा सके। उनको लग रहा था हर वारदात में पुलिस किसी बड़े गैंग पर शक करेगी।

गोरखनाथ मंदिर में की शादी, छोड़ दिया घर परिवार

मोहद्दीपुर, आरकेबीके के सामने रहने वाले विनय ने करीब डेढ़ साल पहले नेपाल के बुटवल स्थित फुलवारी निवासी खुशबू के साथ शादी की। दोनों ने गोरखनाथ मंदिर में प्रेम विवाह किया। विनय ने बताया कि वह टेंपो चलाता था। कूड़ाघाट में रहने वाले खुशबू के पिता ऑर्केस्ट्रा में ड्रम बजाते थे। आर्केस्ट्रा छोड़कर वह एक बैंक में फोर्थ क्लास कर्मचारी हो गए। खुशबू भी एक मॉल में जॉब करने लगी। खुशबू के पिता से जान पहचान होने पर विनय की नजदीकी बढ़ती चली गई। विनय ने उससे प्रेम विवाह कर लिया। दोनों कूड़ाघाट में अलग मकान में रहने लगे। पुलिस का कहना है कि स्टेशन रोड पर करीब डेढ़ साल पहले खुशबू की हरकत सामने आई थी।

नेपाल में गहने बेचने की बनाई थी योजना

पुलिस की पूछताछ में मालूम हुआ कि इंजीनियर के घर से लूटे गए गहनों नेपाल में बेचने की योजना बनाई गई। खुशबू ने अपने एक परिचित के माध्यम से नेपाल में किसी को एक करोड़ के गहने ख्भ् लाख में देने का झांसा दिया, लेकिन इसके पहले उनको गहनों के नकली होने की जानकारी हो गई। दोनों ने कूड़ाघाट और मोहद्दीपुर के ज्वेलर्स से संपर्क साधा। इस दौरान चांदी के गहने एक हजार में ज्वेलर को बेच दिए। पुलिस ने ज्वेलर से पूछताछ की तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने दावा किया कि दंपत्ति से छीना गया पर्स भी बरामद किया गया है। उनके पास से छह चेन, मंगल सूत्र, चार जोड़ी टॉप्स, झुमके, एक जोड़ी कर्णफूल, तीन जोड़ी कंगन, तीन हार, दो जोड़ी चांदी के पायल, छह बिछुआ, एक अदद सिंदूरदानी बरामद हुई।

कोर्ट में बज गई घंटी, परेशान हो गई पुलिस

लूटपाट में अरेस्ट दंपत्ति को कोर्ट में पेश करने गई पुलिस घनचक्कर हो गई। सील किए गए मोबाइल की अचानक घंटी बजने लगी। सील मोबाइल को बंद करना भी मुश्किल था। पुलिस वालों ने तमाम उपाय किए, लेकिन घंटी बजना नहीं बंद करा सके। शुक्र है कि मोबाइल डिस्चार्ज हो गया जिसके बाद पुलिसवालों ने राहत की सांस ली।

असली हो या नकली, गहने मेरे हैं

पुलिस की कार्रवाई से एक्जीक्यूटिव इंजीनियर की फैमिली संतुष्ट है। इंजीनियर की पत्‍‌नी रीता शाही ने पुलिस के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बरामद गहने उनके हैं। उसमें से कुछ गहने आर्टिफिशियल थे जिससे वे बच गए। उन्होंने आरोपी खुशबू और विनय से भी बात की। बेटी पर हमले को लेकर गुस्सा जताया। पुलिसवालों का आभार जताते हुए कहा कि यदि पुलिस मजदूरों को फर्जी फंसा देती तो ये लोग पता नहीं कितने घरों में लूटपाट करते।

लूटपाट में शामिल युवती और उसके पति को अरेस्ट किया गया है। उनके पास से ज्वेलरी, मोबाइल सहित कई सामान बरामद हुए। दोनों ने शार्टकट रुपए कमाने के चक्कर में वारदातें की।

अजय पांडेय, एएसपी, सीओ कैंट