गंभीर हालत में प्राइवेट हास्पिटल में कराया गया भर्ती

ALLAHABAD: कीडगंज के निषाद बस्ती में रहने वाली एक महिला व उसका पति संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। शोरगुल की आवाज सुन मोहल्ले वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर झुलसे दम्पति को प्राइवेट हास्पिटल पहुंचाया।

दोनो की हालत गंभीर

कीडगंज थाना क्षेत्र के निषाद बस्ती में रहने वाला नरेन्द्र निषाद फोटोग्राफी का काम करता है। परिवार में पत्नी विशा निषाद व एक सात साल का बेटा है। शुक्रवार की सुबह दोनों कैसे आग की चपेट में आए? इसका पता नहीं चला। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना सुबह करीब आठ बजे की है। घर के अंदर से महिला की चिल्लाने की आवाज सुनाई देने पर आसपास के लोग चौंक गए। पति नरेन्द्र पत्‍‌नी को बचाने के चक्कर में आग की चपेट में आ गया। आग की लपेट में आने की वजह से दोनों की हालत गंभीर बनी है। पुलिस घटना की वजह जानने में देर रात तक जुटी रही मगर उसके हाथ कुछ नहीं लगा। स्थानीय लोगों के अनुसार दम्पत्ति में आए दिन विवाद होता था।