भाजपा नेत्री व दो युवकों पर हमला, हुई लूट

ALLAHABAD: अगर आप रात में एटीएम से कैश निकाल रहे हैं, या फिर भारी मात्रा में कैश लेकर कहीं आ-जा रहे हैं तो थोड़ा संभल कर रहें। क्योंकि, शहर में इन दिनों कुछ ऐसे बदमाश एक्टिव हो गए हैं जो हमला कर लूटपाट कर रहे हैं। शुक्रवार को बदमाशों ने तीन घटनाओं को अंजाम दिया।

भाजपा नेत्री ने किया सामना, हुई जख्मी

स्ट्रैची रोड पर स्थित मकान में रहने वाली भाजपा नेत्री ममता द्विवेदी शुक्रवार की रात बदमाशों शिकार हुई। रात करीब 10.30 बजे भाजपा नेत्री अपनी बेटी को साथ लेकर स्कूटी से सिविल लाइंस के लिए जैसे ही घर से निकलीं बाइक सवार दो बदमाशों ने मां-बेटी पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने उनका पर्स फिर गले से चेन छिनने का प्रयास किया। मां-बेटी ने बहादुरी के साथ बदमाशों का मुकाबला किया। इससे बदमाश पर्स व चेन नहीं ले जा सके। हाथपाई में भाजपा नेत्री ममता द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी ने तत्काल परिजनों के साथ ही पुलिस को कॉल किया। देर रात में ही घायल भाजपा नेत्री को शकुंतला हॉस्पीटल में एडमिट कराया गया। सिविल लाइंस थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एटीएम से कैश निकालकर जा रहा था

कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने जार्जटाउन थाना क्षेत्र के एनीबेसेंट पुलिस चौकी के पास के रहने वाले मनीष कुमार पर हमला किया। मनीष ने शुक्रवार की रात एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले और घर जाने लगे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें घेर कर तमंचा सटा दिया। विरोध करने पर तमंचे के बट से सिर पर वार किया। जिससे मनीष घायल हो गया और बदमाश मनीष का मोबाइल व जेब में रखा 20 हजार रुपये निकाल कर भाग गए। कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

टेंपो चालक ने हमला कर लूटा

कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार निवासी रोहित जायसवाल शुक्रवार को सामान खरीदने के लिए इलाहाबाद आया था। बैरहना से टेंपो पकड़ कर वह रामबाग की तरफ आ रहा था कि तभी कीडगंज थाना क्षेत्र के बांगड़ धर्मशाला के पास टेंपो चालक और खलासी ने रोहित पर हमला बोल दिया। उसके जेब में रखे 40 हजार रुपया छीन लिए और टेंपो से नीचे फेंक दिया। जिससे रोहित घायल हो गया। घायल रोहित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात टेंपो चालक व ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।