-कपसेठी में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच चले लाठी-डंडे, नौ हुए घायल

-जंसा में भी आठ लोग भेजे गए जेल

VARANASI

ग्राम प्रधान चुनाव से पहले रूरल एरिया में मारपीट की घटनाओं ने जोर पकड़ लिया है। कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में बुधवार की रात दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इस बाबत दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

गांव में महेन्द्र दुबे के घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। इस दौरान बुधवार की रात पंकज दुबे अपनी कार से महेंद्र दुबे के यहां जा रहे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग रास्ते पर आ गए। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। कहासुनी चल रही थी कि दोनों पक्ष लाठी, डंडों संग एक-दूसरे पर टूट पड़े। कार भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। मारपीट में होरी लाल पटेल, सभाजीत पटेल, विकास पटेल, लवकुश, आकाश व पंकज दुबे घायल हो गए। दूसरे पक्ष का कहना है कि प्रधान प्रत्याशी के दरवाजे पर लोग बैठे थे जहां दूसरे पक्ष के लोग नारेबाजी करने लगे। इसका विरोध करने के कारण विवाद हुआ। दूसरे पक्ष के राजेंद्र पटेल को भी चोट आई। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। पंकज दुबे का आरोप है कि दस हजार रुपये भी लोग छीन ले गए। इस मामले में पंकज दुबे की तहरीर पर क्ख् लोगों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से राहुल दुबे की तहरीर पर सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।

जंसा में भी हुई मारपीट

जंसा के बरेमा गांव में एक दूसरे पर पैसा व शराब बांटने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान पद की दो महिला प्रत्याशियों के लोग भिड़ गए। इस बीच सूचना पाकर पहुंचे रामेश्वर चौकी प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद भी नहीं माने तो दोनों पक्षों के आठ लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार प्रवीण, आजाद, दीपू सिंह, प्रमोद, अरविंद, रामकृपाल, सुरेंद्र सिंह व विनय सिंह को एसडीएम राजातालाब के सामने पेश किया गया। एसडीएम ने सभी की जमानत अर्जी खारिज करते हुए जेल भेज दिया।

आचार संहिता उल्लंघन में मुकदमा

चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गुरुवार को मंडुवाडीह थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। मंडुआडीह की प्रधान प्रत्याशी शशि मौर्य, उनके पति आनंद मौर्य, लाइका मौर्य, उनके पति कुमार सिद्धार्थ, निशि मौर्य व पति दिनेश मौर्य को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा शिवदासपुर की प्रधान प्रत्याशी रीता गुप्ता व उनके बेटे चन्दन गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।