-नशे में सीआरपीएफ जवान ने कोच का शीशा तोड़ा, डरकर ट्रेन से उतरीं कई महिलाएं

BEGUSARAI/PATNA: नाहरलगुन एसी एक्सप्रेस ट्रेन के कोच नंबर बी-10 में यात्रा के दौरान सीआरपीएफ जवान सुभाष चंद्रा ने महिलाओं के साथ छेड़खानी की। इस दौरान उसने कोच के शीशे भी तोड़ डाले। घटना कानपुर-गोरखपुर से बरौनी जंक्शन तक की है। सोमवार की शाम ट्रेन बरौनी जंक्शन प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही सीआरपीएफ जवान को बरौनी जीआरपी के थानाध्यक्ष आलोक प्रताप सिंह ने अरेस्ट कर लिया। बोगी में यात्रा कर रही महिला रेलयात्री असम, सिमलुगुरी निवासी कविता ओझा ने जीआरपी थानाध्यक्ष को बताया कि सुभाष ने नशे में कई महिलाओं के साथ छेड़खानी की। उन्होंने बताया कि रात में जवान ने नशे में बोगी का शीशा तोड़ डाला। पुलिस को बताया कि बोगी में यात्रा कर रही महिलाएं डर कर कानपुर, गोरखपुर, हाजीपुर आदि स्टेशनों पर उतर गई।

182 पर कॉल के बाद भी अमल नहीं

इस बीच सुरक्षा के लिए महिला रेलयात्रियों ने कई बार 182 नंबर पर कॉल किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोई भी पुलिस झांकने तक नहीं पहुंचा। ट्रेन बरौनी जंक्शन पहुंचने पर गार्ड ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी तो पुलिस हरकत में आई और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जवान को अरेस्ट किया गया। इधर थानाध्यक्ष आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि अरेस्ट जवान राजस्थान झुझनु का रहनेवाला है और इटानगर 138 बटालियन में हेड कांस्टेबल है। छुट्टी बिताने के बाद नई दिल्ली से नाहरलगुन के लिए यात्रा कर रहा था।