LUCKNOW: परिवहन निगम में अधिकारियों को जारी किए गए सीयूजी नंबर अब उनके पर्सनल बनते जा रहे हैं। निगम की सेवाओं से सेवानिवृत्त होने के बाद सीयूजी नंबर भी उनके साथ चले जाते हैं। निगम की ओर से सुझाव और जानकारियां शेयर करने को बनाए गए वाट्स ग्रुप पर अश्लील मैसेज भी पोस्ट किए जा रहे हैं। इसको लेकर मंगलवार को निगम ऑफिस में दिनभर हड़कंप मचा रहा।


निगम के अधिकारियों को अपने ही यहां तैनात एक पूर्व अधिकारी की हरकत पर बेहद शर्मसार होना पड़ा

परिवहन निगम के आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप पर मंगलवार को रोडवेज के एक भूतपूर्व अधिकारी ने अश्लील फोटो पोस्ट कर दी, जिसके बाद मुख्यालय में हंगामा मच गया। हालांकि जब इस अधिकारी को ग्रुप में लोगों ने लताड़ना शुरू किया तो वह ग्रुप से क्विट कर गए। परिवहन निगम के अधिकारिक ग्रुप में कई महिला अधिकारी भी जुड़ी हुई हैं। बवाल मचने के बाद फोटो डालने वाले पूर्व अधिकारी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया और थोड़ी देर में ग्रुप से बाहर हो गया।

 

वहीं महिला अधिकारी इस मामले की शिकायत साइबर सेल से करने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने भी इस ओर गौर नहीं किया। लेकिन किसी भी अधिकारी ने इसे संज्ञान में नहीं लिया। इस मामले के बाद हरकत में आया निगम प्रशासन अब ऐसे लोगों की छंटनी कर रहा है जो सीयूजी को पर्सनल में कनवर्ट करा चुके हैं। साथ यह फैसला लिया गया कि अब सीयूजी नंबर को कोई पर्सनल नहीं करा सकेगा। आईटीएमएस इंचार्ज मनीष सेठ ने बताया कि परिवहन निगम के वाट्सएप ग्रुप से सभी को बाहर कर दिया गया है। अब इसमें सिर्फ बीस आरएम, बीस एसएम व निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों को ही इसमें शामिल किया गया है।