RANCHI:रांची स्थित रिलायंस कम्यूनिकेशन के सर्किल ऑफिस में साइबर सिक्योरिटी के प्रति जागरुकता व इसके महत्व पर शुक्रवार को एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें हाल के दिनों में बढ़े साइबर क्राइम की स्थिति में स्टाफ को डेटाबेस सुरक्षित रखने की जानकारी दी गई। मौके पर सीआईडी की आईजी संपत मीणा से बिहार व झारखंड सर्किल हेड संदीप अरोड़ा ने साइबर क्राइम से निपटने के उपाय बताने का आग्रह किया। इसके बाद संपत मीणा ने साइबर रेसिफिएंसी व साइबर सिक्योरिटी की कई महत्वपूर्ण जानकारियां स्टाफ को दीं। साथ ही उन्होंने स्टाफ को जीवन में अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया। बताया कि जब कोई प्रतिद्वंद्वी आपके सामने हो, तो आपका बेस्ट परफारमेंस बेहद जरूरी हो जाता है। मौके पर क्वेंश्चन-आंसर राउंड भी चला। अंत में सर्किल हेड संजय सिंह ने संपत मीणा को धन्यवाद दिया।

डीएवी नंदराज में श्रीराम का राज्याभिषेक

डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल बरियातू में रामलीला नाटक मंचन के सातवें दिन शुक्रवार को राम का राज्याभिषेक व दीपावली प्रसंग की प्रस्तुति हुई। मौके पर प्रिंसिपल गुरमीत कौर ने स्कूल के छात्रों का उत्साह बढ़ाया। साथ ही मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन चरित्र से उन्हें अवगत कराया। स्कूल में रामलीला के मंचन में प्रिंसिपल के साथ ही शिक्षिका जयश्री, दलजीत कौर, अमृता व संगीत निर्देशन राजेश की अहम भूमिका रही। यह जानकारी मीडिया प्रभारी अतुल कुमार कर्ण ने दी।

सेंट माइकल में महिषासुर मर्दिनी

शुक्रवार को सेंट माइकल किड्स स्कूल रांची में नवरात्रि के शुभ अवसर छोटे-छोटे बच्चों मां दुर्गा के नौ रूपों की झांकी प्रस्तुत की गई। इसमें मुख्य रूप से महिषासुर के वध को दर्शाया गया। गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत कर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां दुर्गा के श्लोकों से माहौल को भक्तिमय कर दिया। श्लोकों की प्रस्तुति अपूर्वा, सुमित, अभिज्ञान, सुदक्षिणा, सोनू, अनंत, अंजलि, शंभावि, देव व सक्षम द्वारा की गई। माता के नौ रूपों की झांकी सृष्टि गुप्ता, भाव्या, यश, श्रीनम, अक्षरा, ईषा, उन्नति, हर्षिका, आध्या, अनुष्का, सृष्टि, आरणा एवं अवनि द्वारा प्रस्तुत की गई। गणेश की वेश में ऋषिराज और कार्तिकेय के रूप में अनुज ने प्रस्तुती दी। पुजारिन के रूप में सोनाक्षी नजर आई। बच्चों के साथ-साथ शिक्षिकाओं ने भी मनमोहक गरबा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल वंदना बहल ने बच्चों को दुर्गापूजा व दशहरा की शुभकामनाएं दी ।