GORAKHPUR: वार्ड 60 रुस्तमपुर (पहले 40 था) में प्रवेश करते ही समस्याओं की भरमार नजर आती है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम गुरुवार को यहां पहुंची तो मुख्य मार्ग आजाद नगर से लेकर अंतिम छोर तक स्थिति दयनीय मिली। नालियों में सिल्ट के चलते जलजमाव, जर्जर सड़क से लेकर बदहाल सफाई व्यवस्था तक तक समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। वहीं, जिम्मेदार हैं कि कभी इधर झांकने तक की जहमत नहीं उठाते।

हक और हकीकत

सड़क

10 में 3

वार्ड नंबर 60 में प्रवेश करते ही मनोज यादव से मुलाकात हुई। बताने लगे कि एरिया में सड़कों की स्थिति काफी खराब है। पब्लिक की शिकायत के बाद भी मरम्मत के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। दो साल पहले यहां सड़क बनाने के लिए गिट्टी बिछाई गई। लेकिन कार्य आगे नहीं बढ़ सका। इसे बनाने के लिए टेंडर भी हो चुका है लेकिन जिम्मेदारों ने कार्य अधूरा ही छोड़ दिया है।

सफाई

10 में 3

कुछ दूर आगे जाने पर मोहल्ले एक घर के सामने ही कूड़े का अंबार नजर आया। पास ही रहने वाले प्रमोद तिवारी से बात हुई तो बताने लगे कि वार्ड में सफाई व्यवस्था के जिम्मेदारों ने लापरवाही की हद पार कर दी है। सफाई कर्मियों की लापरवाही के चलते घरों के आसपास ही कूड़ा जमा होता रहता है। एरिया में कूड़ादान तक नहीं है। कई बार पार्षद से शिकायत की गई लेकिन स्थिति नहीं सुधर सकी।

जलजमाव

10 में 2

जल निकासी भी इस एरिया की बड़ी समस्याओं में एक है। उचित व्यवस्था ना होने के चलते नालिया सिल्ट से पटी पड़ी हैं। जिस कारण गंदा पानी नहीं निकल पा रहा। हाल ये है कि कई नालियों टूट चुकी हैं। वहीं, जलजमाव के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बराबर बना रहता है। बरसात के दिनों में तो स्थिति नारकीय हो जाती है। इस संबंध में पार्षद से लेकर जिम्मेदारों से शिकायत भी की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ।

आवारा पशु

10 में 3

यहां रहने वाले अनिल पांडेय ने बताया कि सड़क किनारे फैले रहने वाले कचरे के चलते यहां आवारा पशु भी बहुत आतंक मचाते हैं। हाल इतना बुरा है कि जगह-जगह आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। पब्लिक की शिकायत के बावजूद उन्हें पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से किसी प्रकार का प्रयास नहीं किया जाता है। इसी का नतीजा है कि आए दिन इन आवारा जानवरों की वजह से हादसे हो जाते हैं।

एनक्रोचमेंट

10 में 4

इस एरिया की मुख्य सड़कों पर भी एनक्रोचमेंट ने लोगों का रास्ता चलना मुश्किल कर रखा है। हाल ये है कि दिन चढ़ते ही इन रास्तों पर फल व सब्जी के ठले सज जाते हैं। साथ ही बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते भी आधी सड़क ब्लॉक हो जाती है। इस कारण आए दिन इधर से गुजरने वालों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ता है।

वार्ड पार्षद

संजय सिंह

क्वालिफिकेशन - पोस्ट ग्रेजुएशन

कितनी बार से पार्षद

वार्ड नंबर 60

रुस्तमपुर

जनसंख्या -

कुल वोटर्स - 15962

मोहल्ले

रुस्तमपुर, साकेत नगर, आजाद नगर, महुई सुधरपुर आदि मोहल्ले शामिल हैं।

वार्ड बोलता है

सड़कों की मरम्मत काफी समय से नहीं हो रही है। जगह-जगह सड़कें टूट चुकी हैं। इन्हीं रास्तों पर चलना मजबूरी है। पार्षद से शिकायत करने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ।

- दीपांकर शर्मा, स्टूडेंट

रुस्तमपुर से लेकर आजाद चौक के आगे तक की सड़क टूट गई है। पार्षद से शिकायत की गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। एरिया में जल निकासी में भी बहुत दिक्कत है। नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं।

- आशीष कुमार दूबे, प्रोफेशनल

कूड़ा पड़ाव केंद्र नहीं है। खाली पड़े प्लॉट्स में ही कूड़ा फेंका जाता है। यहां पर कूड़ेदान की व्यवस्था होनी चाहिए। जिम्मेदारों से शिकायत करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

- शैलेश चौधरी, प्रोफेशनल

घरों के सामने ही कूड़े का ढेर लगा रहता है। आवारा जानवर भी एरिया की मुसीबत बन हुए हैं। कहने के बाद भी जिम्मेदारों के ऊपर कोई असर नहीं पड़ता है।

- अजय, प्रोफेशनल

पब्लिक डिमांड

- जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

- सभी नालियों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

- कूड़ा फेंकने के लिए जगह-जगह कूड़ादान रखवाया जाए।

-जल निकासी के लिए नगर निगम प्रशासन कोई ठोस कदम उठाए।

- आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए जिम्मेदार प्रयास करें।

जवाब दो पार्षद जी

रिपोर्टर- क्या आप के वार्ड में सफाई नहीं की जाती है?

पार्षद- वार्ड काफी बड़ा है जिसकी तुलना में सफाई कर्मी कम हैं। किसी तरह सफाई कार्य कराया जा रहा है।

रिपोर्टर- वार्ड में आवारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं। आपका इसके लिए क्या कर रहे हैं?

पार्षद-आवारा पशुओं को मोहल्लों से हटाने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है। रात के समय इनके चलते दिक्कत ना हो इसके लिए हाईमास्ट व सोडियम लाइट्स लगाई गई हैं।

रिपोर्टर - आप ने सड़कों को गढ्डा मुक्त करने के लिए अब तक क्या किया है?

पार्षद- वार्ड की जो सड़कें टूटी हैं, उनका प्रपोजल बनाया गया है। टेंडर भी हो चुका है। कार्य चल रहा है, जल्द ही समस्या दूर कर ली जाएगी।

रिपोर्टर- एरिया की ज्यादातर नालियां चोक हो चुकी हैं। जलजमाव आम समस्या है, इसकी क्या व्यवस्था की है?

पार्षद-जल निकासी की दिक्कत है। इसके लिए कई बार नगर निगम को लेटर लिखा जा चुका है। जल्द ही नालियों की सफाई कराई जाएगी।