Ranchi : हाल यह है कि धुर्वा डैम में छठ घाट दलालों ने पांच सौ रुपए से लेकर तीन हजार रुपए तक में बेचना शुरू कर दिया है। इसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और घाटों की दलाली कर रहे लोगों को चेतावनी देकर भगाया।

 

नंबरिंग कर हो रहा सौदा

छठ पर्व की महत्ता को देखते हुए दलालों ने धुर्वा डैम में 20 फीट से लेकर 40 फीट तक कब्जा कर लिया है। कब्जा करके दो -दो फीट में उसे बांटकर उसकी नंबरिंग भी कर रखा है। अब जिन व्रतधारियों को भी यहां अ‌र्घ्य देना है, उन्हें दलालों के पास जाना पड़ रहा है ताकि घाट के लिये सौदा हो सके। यहां घाट के लिए रेट तय है लेकिन नेगोशिएट होने के बाद जो फाइनल रेट तय होता है, उसको छठ व्रतियों को एलॉट किया जा रहा है। रांची के अधिकतर छठ घाटों का यही हाल है। घाट पर लोगों ने पहले से ही अपने कब्जे में रख लिया है और उसको बेच रहे हैं।

 

500 से 3000 रुपए में बिका

धुर्वा डैम में तीन हजार रुपए से बोली शुरू होती है, जो पांच सौ रुपए तक आता है। घाट के लिये कुछ भी रेट तय नही है। जो जितना नेगोसिएट करा सके, उसको उस रेट पर मिल जा रहा है। घाटों की बिक्री दस दिन पहले से ही किया जा रहा है। लेकिन, जैसे-जैसे छठ का समय नजदीक आ रहा है रेट भी बढ़ रहा है। अब दो हजार रुपए से कम में यहां घाट नही मिल रहा है। अरगोड़ा तालाब में भी सभी छठ करने वाले लोगों से 501 रुपए लिया जा रहा है। अगर अरगोड़ा घाट पर छठ करना है तो चंदा देना होगा उसके बाद ही यहां छठ का अ‌र्घ्य दे सकते हैं।

 

हंगामे के बाद प्रशासन हरकत में

रविवार की सुबह धुर्वा डैम के आसपास के लोग पहुंचे और घाट बेचने वालों के साथ हंगामा करने लगे। इसी बीच डीसी मनोज कुमार को भी सूचना दी गई कि लोग छठ घाट बेच रहे हैं। डीसी खुद घाट पर जाकर लोगों को जमकर क्लास लगाई और उनको घाट से भगा दिया।

 

चंदा के नाम पर वसूली

घाट लेने के लिए दलालों ने दो रास्ता निकाला है। पहला रास्ता है कि पहले से ही बड़ा एरिया अपने नाम से कर लिया और उसको छोटा-छोटा बनाकर दे रहे हैं। दूसरा तरीका निकाला है कि जिस घाट पर छठ हो रहा है वहां चंदा लेकर लोगों को पूजा करने दिया जा रहा है। चंदा के नाम पर 501 रुपए से लेकर 251 रुपए तक वसूला जा रहा है। जबकि छठ घाटों की साफ- सफाई से लेकर सारा काम जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम कर रही है। इसके बाद भी चंदा वसूला जा रहा है।

 

शहर में छठ घाट सज रहे हैं

छठ को लेकर राजधानी के 200 से अधिक घाट सज रहे हैं। रविवार को जिला प्रशासन व रांची नगर निगम की संयुक्त टीमों ने घाटों पर तैयारियों का जायजा लिया। यहां मजिस्ट्रेट समेत पुलिस अफ सरों की भी तैनाती की जा रही है। डीसी ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम भी छठ घाटों पर तैनात रहेगी। इन्हें धुर्वा डैम, कांके डैम, बड़ा तालाब व चडरी तालाब पर तैनात किया जाएगा। इसी कड़ी में रांची में सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ की टीम ने मॉकड्रिल की।

 

घाटों पर होगी खास सुरक्षा

छठ के दिन इन घाटों पर सुरक्षा की खास व्यवस्था रहेगी। रांची में धुर्वा डैम, कांके डैम, जुमार नदी, रुक्का डैम, स्वर्णरेखा नदी हटिया और नामकुम, हरमू नदी, पोटपोटो नदी, शालीमार तालाब, बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, चुटिया पावर हाउस तालाब, बटन तालाब, तिरिल तालाब, जोड़ा तालाब, मधुकम तालाब, करमटोली तालाब, अरगोड़ा तालाब, जेल तालाब, जगन्नाथपुर तालाब, लाइन टैंक तालाब, देवी मंडप रोड डैम, छठ तालाब चुटिया सहित अन्य तालाबों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। इसलिए इन स्थानों पर भी सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।