मचाया आतंक, शाम को वन विभाग ने धर दबोचा

ALLAHABAD: सरायइनायत के दलापुर गांव में बुधवार को पानी की तलाश में आए प्यासे तेंदुए ने दहशत फैला दी। एक तेंदुआ के घुसने से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद कर लिया। इसके पहले तेंदुए ने आठ लोगों को जख्मी कर दिया। पकड़े गए तेंदुए को चंदौली स्थित चंद्रप्रभा सेंचुरी में छोड़ा जाएगा। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह दस बजे गांव के करीब गन्ने के खेत में किशोरी पानी लेने गई तो तेंदुआ देख चीख उठी। आवाज सुनकर इकट्ठा हुई भीड़ ने तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की लेकिन तेंदुए ने आठ लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद वह फूलचंद्र पटेल के कच्चे मकान में घुस गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को मशक्कत के बाद पिंजड़े में कैद कर लिया। डीएफओ मनोज खरे का कहना है कि तेंदुआ अक्सर कछारी इलाके कोटवा और दूसरे जंगल में दिखाई देता रहा है। अनुमान है कि पानी पीने के लिए उसने गांव की तरफ रुख किया था।