- दलितों पर बढ़ते अत्याचार के विरोध में अशोक राजपथ पर आगजनी

PATNA CITY: इंडियन स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले दलित स्टूडेंट्स ने शनिवार को अशोक राजपथ पर जमकर हंगामा किया। महेंद्रू में करीब दो बजे अशोक राजपथ को जाम कर दिया। इसके बाद टायर जलाकर आगजनी की। महेन्द्रू स्थित गवर्नमेंट वेलफेयर हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स शामिल थे। हंगामा व प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स ने स्टेट गवर्नमेंट और पुलिस-एडमिनिस्ट्रेशन के खिलाफ जमकर आग उगले। गवर्नमेंट के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स बिहार में दलितों पर हो रहे अत्याचार का विरोध कर रहे थे। लीड कर रहे इसवा के नेशनल प्रेसिडेंट अमर आजाद के अनुसार खगडि़या के शिरोमणि गांव में दलितों की बेरहमी से पिटाई की गई। साथ ही मजदूरी मांगने पर नवादा में दलितों का हुक्का-पानी गांव में बंद कर दिया गया। दो महीने पहले सीतामढ़ी के वेलफेयर हॉस्टल में दो दलित स्टूडेंट्स को गोली मार दी गई थी। इन सभी घटनाओं का विरोध किया गया। स्टूडेंट्स पिछले सात महीने में दलितों पर अत्याचार करने वालों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।

परेशान रहे पटनाइट्स

दो घंटे बाद शाम चार बजे वेलफेयर हॉस्टल के स्टूडेंट्स अशोक राजपथ पर हंगामा व विरोध प्रदर्शन खत्म किया। दो घंटे तक जाम में पटनाइट्स परेशान रहे। गांधी मैदान से गाय घाट की ओर जाने वाली ऑटो की लंबी लाइन लग गई। दूसरी ओर गाय घाट से गांधी मैदान जाने वाली गाडि़यां खड़ी रही।

फंसे रहे स्कूली बच्चे

जाम में स्कूली बच्चे भी फंसे रहे। स्कूल बसों में बच्चे भूखे-प्यासे घर पहुंचने का इंतजार करते रहे। हंगामा-प्रदर्शन करने वाले दलित स्टूडेंट्स अपने में व्यस्त थे। जाम में फंसे स्कूली बच्चों पर जरा भी तरस नहीं आया। अपनी पॉलिटिकल गोटी खेलने के चक्कर में दो घंटे तक मासूमों को भूखे-प्यासे छटपटाने के लिए छोड़ दिया।

लेट से पहुंची पुलिस

प्रदर्शन स्थल से चंद कदम दूर सुलतानगंज थाना है। खास बात ये है कि पुलिस को पहुंचने में काफी समय लग गया। परेशान पटनाइट्स से पुलिस को कोई सरोकार नहीं दिखा। कोरम पूरा करने के लिए पुलिस अंत समय में पहुंची और कार्रवाई करने की जगह समझा-बुझाकर सभी को हटाया।