- आतंक विरोधी दिवस के रूप में मनी राजीव गांधी की पुण्य तिथि

ALLAHABAD: सूचना एवं तकनीकी की क्रांति लाने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 26वीं पुण्य तिथि रविवार को आतंक विरोधी दिवस के रूप में मनाई गई। उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।

सपनो का भारत बनाने का संकल्प

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के पैतृक आवास आनंद भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राजीव गांधी के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकुन्द तिवारी ने कहा कि राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत का सपना देखा था। आज अगर तकनीकी के क्षेत्र में भारत आगे बढ़ रहा है तो इसका श्रेय स्वर्गीय राजीव गांधी को ही जाता है। तारिक सईद अज्जू ने कहा कि राजीव गांधी ने ही कश्मीर, पंजाब व पूर्वोत्तर राज्यों में आतंकवाद को जड़ से खत्म कर लोकतंत्र को बहाल कराया था। इस अवसर पर जय प्रकाश तिवारी, अनिल प्रजापति, गिरिजा शंकर शुक्ल, कंदर्प नारायण मिश्रा, अफरोज अहमद, शिवराम नायक, सुभाष जायसवाल, निजामउद्दीन आदि मौजूद रहे। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से जिला कांग्रेस कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।