देव दीपावली पर शिरकत करने आई फिल्म अभिनेत्री सोनम कपूर बोलीं

VARANASI

देव दीपावली में शामिल होने दशाश्वमेध घाट पहुंचीं बॉलीवुड फिल्म एक्ट्रेस सोनम कपूर ने कहा कि काशी पवित्र नगरी है। यहां मां गंगा हैं तो बाबा भोलेनाथ खुद विराजमान हैं। मगर यहां गंदगी बहुत है। उन्होंने काशी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि मां गंगा को स्वच्छ बनाएं। साथ ही घाटों और शहर को भी स्वच्छ रखें। सोनम कपूर अपनी मां सुनीता कपूर और बहन के साथ देव दीपावली में शामिल होने आई थीं।

रंगोली सजाकर किया दीयों से रोशन

देव दीपावली पर शिवानी सेवा समिति की ओर से लाल घाट पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की सहयोगी संस्था शिवानी क्लासेज के छात्र-छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर रंगोली बनाई। इसके बाद दीयों से पूरे घाट को जगमग किया। संस्था के सचिव बृजेंद्र कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं को देव दीपावली का महत्व बताया।

आस्था की डुबकी को उमड़ा जनसैलाब

पुण्य की कामना में लाखों श्रद्धालुओं ने बुधवार को गंगा में डुबकी लगाई। अलसुबह से शुरू हुआ स्नान का क्रम शाम होने तक चलता रहा। शहर के अलावा आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्घालु घाटों पर पहुंचे। गंगा के तकरीबन हर घाट इनकी भीड़ से पटा दिखे।

रात भर जमे रहे घाट पर

ब्रह्मामुहूर्त में गंगा स्नान की चाहत रखने वालों ने मंगलवार की रात में ही घाटों पर डेरा डाल दिया था। ठंड की परवाह किए बगैर पूरी रात आंखों में ही काट दी। घाटों के अलावा गोदौलिया और दशाश्वमेध की दुकानों के सामने लोग अपना बोरिया बिस्तर लगाए सूर्योदय का इंतजार करते रहे। जैसे ही भगवान भास्कर ने आंखें खोली गंगा में डुबकियों का सिलसिला शुरू हो गया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में हाजिरी लगाई। बड़ी संख्या में लोगों ने काशी विश्वनाथ मंदिर और बृहस्पति भगवान के मंदिर में जाकर दर्जन-पूजन किया। लोगों की भीड़ के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति रही। वहीं गलियों में लोगों का रेला आता-जाता दिखाई दिया।