दोस्तों के साथ शादी में गया था

पिता की एक साल पूर्व हुई हत्या

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र प्रेम नगर में शादी समरोह में गए युवक का शव नाले में पड़ा मिला। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की है। परिजनों ने मारुति एस्टेट चौराहे पर शव रख कर जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

चाय का खोखा चलाता था युवक

प्रेम नगर जगदीशपुरा निवासी 23 वर्षीय बंटू उर्फ ललित पुत्र स्व। सियाराम मारुति एस्टेट चौराहे पर चाय का खोखा चलाता था। शुक्रवार रात को वह दोस्तों के साथ शादी समारोह में गया था। रात में ढाई बजे वह वापस आया। इसके बाद फिर से निकल गया। इसके बाद सुबह तक घर वापस नहीं आया। सुबह क्षेत्र के लोगों ने परिजनों को बताया कि उसका शव नाले में पड़ा है।

शव रखकर लगाया जाम

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि जो लोग उसे ले गए उन्होने ही उसकी हत्या की है। उसकी आंख पर चोट व गले पर कट का निशान है। पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव मारुति एस्टेट चौराहा पर ले गए। शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन मामले में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। घंटे भर की मशक्कत के बाद जाम खुल सका।

मां ने दी तहरीर

पुलिस के मुताबिक मामले में मां प्रेमवती की तहरीर पर विशाल समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ लोहामंडी चमन सिंह चावड़ा के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की डूबने से मौत आई है। पुलिस मामले की और छानबीन कर रही है। परिजनों के मुताबिक मृतक दो भाई थे। छोटा पुष्पेंद्र उर्फ पोला है।

पिता की पूर्व में हो चुकी है हत्या

पिता सियाराम भी चौराहे पर चाय का खोखा चलाते थे। सात फरवरी की रात एक बजे कार सवार युवकों ने शराब पीने को पानी का पाउच मांगा था। एक पाउच दो रुपये में दिया था जबकि कार सवार एक रुपया दे रहे थे। इस बात पर विवाद हुआ। कार सवारों ने सियाराम की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस दौरान बंटू पिता को बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई थी। उस मामले में दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।