- पति के साथ बाइक पर महिला सिपाही का हुआ था एक्सीडेंट

-अस्पताल में ससुराल पक्ष शव छोड़कर हुआ फरार

-पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

Meerut :आनंद हॉस्पिटल में दो दिनों से गंभीर हालत में भर्ती महिला सिपाही ने रविवार को दम तोड दिया। ससुराल वाले अपनी बहू का शव अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं मायके वालों ने जमकर हंगामा काटा। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को उसके पति व ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। मृतका के पिता की तहरीर पर मुंडाली थाने में पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये है मामला

सिंभावली थाना क्षेत्र बक्सर गांव निवासी ओमपाल की बेटी रेनू सिंह की शादी गढ़ रोड के मुंडाली गांव निवासी विरेंद्र सिंह के बेटे कपिल के साथ 1 दिसंबर 2014 में हुई थी। बताया गया िकि बहू रेनू यूपी पुलिस में सिपाही थी।

शनिवार को किया था भर्ती

एक अगस्त को कपिल ने अपनी पत्नी रेनू को गंभीर हालत में अपने दोस्त उमेश व योगेंद्र के साथ आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। रेनू के सिर, कमर और अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची मेडिकल और मुंडाली पुलिस को कपिल ने बयान दिया कि वह पत्नी संग गढ़मुक्तेश्वर बाइक से घूमने गया था। वापस मेरठ आते हुए नानपुर के पास नहर के पुल पर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों दूर गिरे, रेनू के गंभीर चोट आई।

हत्या का आरोप

सूचना पर मायके वाले भी हॉस्पिटल पहुंचे और बेटी की हत्या करने के प्रयास का आरोप पति व ससुराल वालों पर लगाया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे रेनू की मौत हो गई। पति और ससुराल वाले मौके से भाग निकले। मायके वालों ने उनको पकड़ने के लिए दामोदर कालोनी तक भी पीछे दौड़े, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गए। उसके बाद मायके वालों ने जमकर हंगामा काटा।

एक महीने पहले एक्सीडेंट

एसओ मुंडाली ने बताया कि एक अगस्त को हॉस्पिटल में ही कपिल से उसके हाथ में चढ़े प्लास्टर के बारे में पूछा तो उसने बताया कि एक महीने पहले वह पत्नी के साथ बाइक पर गया था, तब भी एक्सीडेंट हुआ। उसमें पत्नी रेनू को मामूली व कपिल के हाथ की हड्डी टूटी थी।

मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का पति, ससुर, सास व जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपी पकड़े जाएंगे।

-जितेन्द्र सिंह यादव, एसओ मुंडाली