गोदाम सहित कई स्थानों पर लगी आग

आतिशबाजी ने कर दिया काम तमाम

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित कमला नगर कर्मयोगी में मध्य रात्रि एक टैंट गोदाम में लगी भीषण आग ने पीडि़त के जख्मों पर नमक लगाने का काम किया। दीपावली से एक दिन पहले पिता की मौत हुई और दीपावली की रात टैंट गोदाम में आग लग गई। आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए लेकिन शुक्रवार सुबह आग पर बामुश्किल काबू पाया गया।

गुरुवार को हुई पिता की मौत

बालाजी नगर कमला नगर निवासी राज कुमार गोयल का वर्धमान टैंट हाउस के नाम से कारोबार है। इनकी एक दुकान कमला नगर डी ब्लॉक में है जिसमें भाई लब्बू और एक लुहार गली में है जिसमें भाई अंकुश बैठते हैं। गोदाम कर्मयोगी एन्क्लैव कमला नगर में है। इनके पिता महेंद्र कुमार बीमार चल रहे थे। उनका गुरुवार को देहांत हो गया था।

अज्ञात कारणों से लगी आग

गुरुवार रात राज कुमार के कमला नगर के कर्मयोगी स्थित टैंट गोदाम में अचानक आग लग गई। घटना स्थल पर पहुंचने की शीघ्रता में छोटे भाई लब्बू का स्कूटर सुभाष नगर चौराहे पर स्लिप हो गया। जिसमें उसके चोटें आई हैं। आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाडि़यों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन शुक्रवार सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण लोग अपने-अपने हिसाब से लगा रहे थे।

बारह घंटे में टूटा मुसीबत का पहाड़

गुरुवार दोपहर ढाई बजे पिता का देहांत हुआ। परिवार में दिन भर मातम छाया रहा। रात ढाई बजे गोदाम में भीषण आग लग गई। इन बारह घंटों में परिवार पूरी तरह से टूट गया था। आग पर सुबह आठ बजे तक काबू पाया गया था।

दीपावली की रात यहां भी लगी आग

1. दलायाबाग नगला बूढ़ी में घर में आग लगी।

2. कारगिल पेट्रोल पम्प के पास कॉम्प्लैक्स में लगी आग।

3. इरादत नगर में जूता चप्पलों की दुकान व एक परचून की दुकान में लगी आग।

4. बरहन के वैरीखुर्द में किसान की खेत में रखी करब की फसल जल गई।

5. ईदगाह पुलिस चौकी के पास रात एक मकान में आग लग गई।

6. फतेहाबाद रोड स्थित सागा एम्पोरियम के पीछे कपड़े के गोदाम में आग लगी।

7. लाजपत नगर आरबीएस कॉम्प्लेक्स के पीछे भी एक मकान में आग लगी।

8. शास्त्री पुरम सिंघल हॉस्पीटल के पास सेक्टर चार में एक कबाड़े की दुकान में आग लगी।