- गंभीर हालत में उन्नाव अस्पताल में कराया गया था भर्ती

SHUKLAGANJ:

गंगाघाट थानाक्षेत्र अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार डिफेंस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल को उन्नाव जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मृतक के भतीजे ने अज्ञात वाहन के खिलाफ थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दे दिया है।

कानपुर जाते वक्त हादसा

शुक्लागंज निवासी शंकरलाल पुत्र स्व.हरीशचंद्र रक्षा मंत्रालय भारत सरकार कानपुर में कार्यरत थे। शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे वह अपनी स्कूटर से कानपुर की ओर जा रहे थे तभी राजधानी मार्ग स्थित गैस एजेंसी के सामने अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह काफी दूर घिसटते चले गए। घायल के पास से मिले आईकार्ड व फोन नंबर के आधार पर लोगों ने भतीजे राजेन्द्र कुमार पुत्र बाबूलाल निवासी सिविल लाइंस को सूचना दी। भतीजे ने आसपास के लोगों की मदद से गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। भतीजे राजेन्द्र ने बताया कि चाचा शुक्लागंज में किराए पर रहते थे। मृतक के भतीजे ने गंगाघाट थाने पहुंचकर अज्ञात वाहन के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है।