-दोस्तों के साथ तालाब में नहाने के लिए आया था किशोर

>BAREILLY शहर के डेलापीर स्थिति तालाब में सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात किशोर नहाते समय डूब गया। उसके साथी उसे तालाब में डूबता देख वहां से शोर मचाते हुए भाग गए। शोर सुनकर वहां मछली पकड़ रहे एक युवक की सूचना पर पुलिस वाले पहुंचे और गोताखोरों की मदद से किशोर को बाहर निकालकर हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने भेजा हॉस्पिटल

डेलापीर तालाब पर कपड़े धो रहे अशफाक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे आठ से दस लड़के तालाब में नहा रहे थे। जिन्हें एक बार भगा भी दिया था, लेकिन वह दोबारा फिर से तालाब में आकर नहाने लगे। इसी दौरान कुछ लड़के तालाब से निकलकर शोर मचाते हुए भागने लगे। देखा तो एक किशोर तालाब में डूब रहा था। गोताखोरों की मदद से तालाब में डूब रहे किशोर को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस तुरंत उसे एक निजी हॉस्पिटल में ले गई जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नहीं हो सकी शिनाख्त

सुबह दस बजे डूबे किशोर की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस ने काफी हाथ-पाव मारे लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने किशोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक जींस की पैंट, बनियान और लाल पीले रंग की चप्पल पहने हुए था।