-जलकल भवन में बनेगा जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सेंटर

-इसमें यहां काशी से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारियां होंगी उपलब्ध

-पर टेंडर होने के बाद भी उसमें पेच फंसने से तय समय पर काम शुरू होने की उम्मीद कम

Varanasi@inext.co.in

VARANASI

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के भेलूपुर स्थित जलकल भवन में 12 करोड़ से जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सेंटर (डेटा सेंटर) बनेगा। इसमें काशी से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारियां उपलब्ध होंगी। सभी विकास कार्यो की डिटेल भी देखने को मिलेगी। जापान की कम्पनी जायका इस काम के लिए फंडिंग करेगी। जायका के इंस्टीटयूटशनल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आईडीपी) के तहत योजना परवान चढ़ेगी। लेकिन इसके लिए प्री टेंडर होने के बाद भी उसमें पेच आ फंसने से तय समय में काम शुरू होने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। हालांकि विभागीय अफसर पेच दूर करने में जुटे हैं। लेकिन देर होने से पब्लिक को ये फैसिलिटी समय से उपलब्ध नहीं हो पाएगी।

क्या है डेटा सेंटर?

जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सेंटर में सूचनाएं एक जगह मुहैया होंगी। यहां विकास योजनाओं की पूरी जानकारी भी रहेगी। साथ ही काशी से जुड़े हेरिटेज, रोड, प्रमुख भवन, स्कूल्स, कॉलेज, सरकारी व निजी ऑफिस, रेलवे व बस स्टेशन, पार्किंग के बारे में जानकारी आपको मिल सकेगी। इसके लिए नगर निगम की वेबसाइट को अपडेट किया जाएगा। उसमें नई जानकारियां जोड़ी जाएंगी।

नए सिरे से कराएंगे सर्वे

जायका के अफसरों का कहना है कि डेटा बेस तैयार करने के लिए नए सिरे से सेटेलाइट के जरिए सर्वे कराया जाएगा। इसके तहत भवनों से जुड़े गृहकर व असेसमेंट और पूरी हो चुकी योजनाओं का सर्वेक्षण होगा। जमीन के नीचे दो मीटर तक सीवर, पेयजल, अंडरग्राउंड केबल आदि का भी पूरा ब्योरा जुटाकर उसे इस सेंटर में जोड़ा जाएगा। इससे पहले जीआईएस सर्वे 2008 में हुआ था। इसके आधार पर एक लाख 86 हजार से ज्यादा भवनों के हाउस टैक्स का निर्धारण किया गया था। तब से यह व्यवस्था चल रही है।

एक क्लिक पर मिलेंगे आंकड़े

डेटा सेंटर बनाने के बाद वेबसाइट को अपडेट किया जाएगा। इससे पल भर में आपको सभी जानकारी मिल जाएगी। वेबसाइट पर ज्यादातर जानकारी आंकड़ों पर आधारित होगी। विभागीय सूत्रों का कहना है कि मई महीने से डेटा सेंटर का निर्माण शुरू होना था। लेकिन टेंडर में पेच फंसने से निर्धारित समय पर काम शुरू होने की उम्मीद नहीं है।

जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सेंटर बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्री टेंडर हो चुका है। तय समय पर काम शुरू हो जाएगा।

डी वासुदेवन, डिप्टी टीम लीडर, जायका