BAREILLY: स्वालेनगर किला में चार महीने बाद कब्र से खोदकर एक महिला की लाश निकाली गई। महिला के परिजनों ने पति व ससुराल वालों पर हत्या कर दफनाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि महिला की बीमारी से मौत बनाकर दफना दिया गया था। मंडे को कोर्ट के आदेश पर कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया तो पोस्टमार्टम में गले व शरीर पर चोट के निशान आए हैं लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। इस मामले में दो सप्ताह पहले कोर्ट के आदेश पर फतेहगंज थाना में पति, सास, देवर, देवरानी समेत 5 लोगों पर दहेज उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया जा चुका है।

 

8 वर्ष पूर्व हुई थी शादी

नवाबगंज के खाता सादात गांव निवासी फूल मुहम्मद ने बड़ी बहन सीमा जैदी (30) की शादी आठ वर्ष पहले फतेहगंज पश्चिमी के सराय मोहल्ला निवासी मुहम्मद हैदर उर्फ मुनीम से की थी। फूल मोहम्मद का आरोप है कि 22 नवंबर को जब उनकी बहन मायके आयी थी तो उसने बताया था कि उसका पति मुनीम, देवर अली, देवर अजा, सास और देवरानी मारपीट करते थे। कई बार पंचायत के बाद भी हालात नहीं सुधरे थे। 26 नवंबर को ससुराल से सूचना आयी थी कि सीमा की तबियत खराब है। जब वह वहां पहुंचे थे तो सीमा की मौत हो चुकी थी। उसी दौरान भीड़ में उनसे सादा कागज से साइन करा लिए गए थे और बहन को दफना दिया गया था।

 

नहाने वाली बुआ ने किया खुलासा

5 दिन बाद शव को नहलाने वाली बुआ ने गले पर चोट के निशान की जानकारी दी थी। सीमा की लाश की फोटो में भी चोट के निशान थे। उसके बाद उन्होंने सीएम पोर्टल, पुलिस अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद कोर्ट गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। मंडे को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस स्वालेनगर स्थित कब्रिस्तान पहुंची और एसडीएम की मौजूदगी में शव को निकाला गया। उसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया।