- सूचना पाते ही पुलिस नगरा गांव पहुंची, आधा दर्जन लोग गिरफ्तार

- गंभीर रूप से जख्मी लोग हैलट रेफर गए, गांव में पुलिस की गश्त

FATEHPUR: हथगाम थानाक्षेत्र के नगरा गांव में रास्ते के विवाद में दो भाई आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर ईट, पत्थर व फायरिंग हुई। गोली लगने से फईम उर्फ अद्धा (फ्भ्) तथा सफी अहमद (भ्0) घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को मय असलहा हिरासत में लिया है। गंभीर रूप से जख्मी उक्त दोनों को जिला अस्तपाल में लाया गया था, जिन्हें डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट रेफर कर दिया है।

नगरा गांव निवासी फईम उर्फ अद्धा तथा बडे़ भाई बच्छन के बीच दरवाजे के सामने स्थित रास्ते से निकलने का विवाद कई वर्ष से चल रहा था। गुरूवार सुबह 8 बजे दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। कुछ देर बाद ही दोनों पक्ष से ईंट, पत्थर चलने लगे। भगदड़ के बीच फायरिंग शुरू हो गई। जिसमे फईम उर्फ अद्धा तथा इनके ही पक्ष का सफी अहमद गोली लगने से घायल हो गया।

दहशत का माहौल

गोलीबारी से गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसमें थानाध्यक्ष मनीष पांडेय मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से ही बच्छन, जल्लू, जियाउद्दीन, रहमत अली समेत आधा दर्जन लोगों को दबोच लिया। इनके पास से अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी हथगाम से जिला अस्पताल रिफर किया गया है। घायल फईम के पुत्र दिलशाद ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमे 9 लोगों को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष का कहना था सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस न आती तो

घटना में एक ही पक्ष के लोग घायल हुए हैं। बताते हैं यदि पुलिस समय से मौके पर न पहुंचती तो स्थिति और भी खराब हो जाती। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस को बड़ी संख्या में देशी असलहे बरामद हुए हैं। जिनका पुलिस खुलासा नही कर रही है।

पहले भी हो चुका है झगड़ा

दोनों भाइयों के बीच रास्ते को लेकर पहले भी झगड़ा हो चुका है। मामला पुलिस के पास पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्ष से शिकायत लेते हुए एनसीआर दर्ज कर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली थी।