- झंगहा की घटना, घर में अकेली युवती को जबरिया उठाया

- पुलिस ने थाने से पीडि़ता को डरा-धमकाकर भगा दिया

- बुधवार को अफसरों को हुई जानकारी तब दर्ज हुआ केस

GORAKHPUR: दिव्यांगों के प्रति शासन भले ही चिंता करता हो लेकिन पुलिस की सोच अब भी नहीं बदली है। एक दिव्यांग युवती, जो न बोल सकती है, न सुन सकती है, के साथ दरिंदे ने रेप किया। दरिंदे को लगा कि वह उसके साथ कुछ भी कर सकता है क्योंकि वह किसी को बता नहीं पाएगी। लेकिन, इशारों में अपने घर वालों को हर बात कह देने वाली युवती ने अपने साथ हुई दर्दनाक घटना को भी इशारों से ही जाहिर कर दिया। परिजन तत्काल इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचे। तहरीर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में तो लिया लेकिन कुछ लोगों के प्रभाव में आकर तत्काल छोड़ दिया। इतना ही नहीं, केस भी दर्ज नहीं किया। 29 जनवरी की रात हुई इस घटना का केस आज तक दर्ज नहीं हुआ। थक-हारकर अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए युवती की भाभी ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों को सारी घटना की जानकारी दी।

घर पर थी अकेली

झंगहा एरिया की रहने वाली दिव्यांग रविवार की रात करीब 8 बजे अपने घर पर अकेली थी। इस बीच गांव का ही रमजान उसके दरवाजे पर पहुंच गया और युवती का हाथ पकड़कर बाहर ले जाने लगा। उसने इसका विरोध किया मगर युवक ने उसके गूंगेपन का फायदा उठाकर जबरिया लेता गया। उसके साथ रेप किया। घर वाले पहुंचे तो युवती को न पाकर परेशान हुए। खोजबीन में जुटे थे कि रात 11 बजे रात रोती हुई दिव्यांग घर पहुंची।

इशारों में बताई घटना

घर वाले तो पहले ही परेशान थे जब देखा कि वह रो रही है तो उससे कारण पूछा। युवती ने इशारों में ही अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिजन आरोपी युवक की पहचान के लिए युवती के साथ उसके घर पहुंचे। जहां उसने आरोपी युवक की पहचान कराई। परिजनों ने इसकी जानकारी पास के चौकी इंचार्ज को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस युवती और युवक को साथ लेकर थाने चली गई। हालांकि परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक से पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया। वहीं पीडि़त पक्ष को डरा धमका कर भगा दिया। परिजनों ने पीडि़त युवती की चिकित्सकीय जांच के साथ आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की।

मामला सामने आया तो दर्ज हुआ केस

पीडि़त दिव्यांग के साथ परिजन बुधवार की सुबह प्रेस क्लब पहुंचे और पत्रकारों से आपबीती सुनाई। यह मामला जैसे ही अफसरों तक पहुंची। सभी के कान खड़े हो गए। झंगहा एसओ तत्काल अपनी गाड़ी के साथ शहर की तरफ कूच कर गए। दिव्यांग और उसके परिजनों को साथ लेकर थाने पहुंचे। परिजनों ने थाने पर तहरीर दे दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।

वर्जन

दिव्यांग परिवार के लोगों ने तहरीर दे दी है। तहरीर के आधार पर गांव के रमजान नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही दिव्यांग को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। युवक फरार है। जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में आ जाएगा।

रामबिलास यादव, एसओ, झंगहा