डॉक्टरों के साथ वार्ता के दौरान डीएम ने दिया सुरक्षा का आश्वासन

ALLAHABAD: चुनाव के मद्देनजर जमा हो रहे शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया में डॉक्टरों के लाइसेंस सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षण बाद जमा किए जाएंगे। डीएम संजय कुमार ने यह बात रविवार को कलेक्ट्रेट में इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन, प्रयाग व्यापार मंडल, जिला उद्योग व्यापार मंडल और सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान कही। डीएम और एसएसपी शलभ माथुर ने डॉक्टरों की सुरक्षा का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि डॉ। एके बंसल के हत्यारों जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसओ और सीओ को दिए आदेश

एसएसपी ने कहा कि थानाध्यक्ष और सीओ को हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने आदेश दिए हैं। डीएम ने कहा कि नर्सिग होम और हॉस्पिटल्स के पास विशेष रूप से पुलिस की पेट्रोलिंग होगी। कहा कि सभी सीओ रात दस बजे के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ अधिकारियों ने डॉक्टरों से मरीजों का इलाज शुरू करने की अपील की है। बैठक में एएमए अध्यक्ष डॉ। आलोक मिश्रा, प्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय अरोरा, कादिर, शिव शंकर सिंह, डॉ। प्रकाश खेतान आदि उपस्थित रहे।